दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने फिल्म अभिनेत्री रश्मिका मंदाना डीपफेक वीडियो मामले में शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दिल्ली साइबर क्राइम यूनिट स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है।
रिपोर्ट में आईटी एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं। इससे पहले दिल्ली महिला आयोग ने इस मामले का स्वत:संज्ञान लेकर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया। आयोग ने पुलिस से 17 नवंबर तक मामले में दर्ज एफआईआर की कॉपी, आरोपियों का ब्योरा और इस संबंध में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है
अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर
रश्मिका मंदाना के डीपफेक वीडियो मामले में नया मोड़ आता दिख रहा है। दरअसल, सोशल मीडिया उठ रहे बवाल के बाद अब दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुए रश्मिका मंदाना के इस वीडियो के संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बताया जा रहा है इन लोगों के खिलाफ कई सेक्शंस के तहत केस दर्ज किया गया है।
जांच की गई शुरू
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस यूनिट में भारतीय दंड संहिता की धारा 465 (जालसाजी के लिए सजा) और 469 (प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से जालसाजी) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66सी और 66ई के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने कहा कि उन्होंने टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले दिन में, दिल्ली महिला आयोग ने वीडियो के संबंध में सिटी पुलिस को नोटिस भेजा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
असली वीडियो में थीं जारा पटेल
बीते दिनों रश्मिका मंदाना का एक डीपफेक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में हुबूहू रश्मिका की तरह दिखने वाली एक लड़की लिफ्ट में डीपनेक स्पेगिटी पहनकर चढ़ती नजर आ रही है। इसे देखने के बाद अभिनेत्री फैंस का दिमाग खराब हो गया था, हालांकि यह लड़की कोई और थी। कुछ ही समय बाद साफ हो गया था कि वह लड़की जारा पटेल है, जो एक ब्रिटिश इंडियन इंफ्लुएंसर है। रश्मिका के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह अगली बार रणबीर कपूर के साथ फिल्म 'एनिमल' में नजर आएंगी।
Ranbir Kapoor: रणबीर कपूर ने डाइट के चलते प्रसाद को किया मना, सोशल मीडिया पर खूब हुई अभिनेता की किरकिरी