एक्टर राणा दग्गुबाती अवैध बैटिंग एप से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में हैदराबाद जोनल ईडी ऑफिस में पेश हुए हैं। राणा अपने बॉडीगार्ड के साथ ईडी ऑफिस में देखे गए। मीडिया ने जब उन्हें कवर करने की कोशिश की तो बॉडीगार्ड से दूर हटने काे कहा।
इन एक्टर्स को भी भेजा गया था समन
ईडी ने पिछले महीने चार साउथ एक्टर प्रकाश राज, विजय देवरकोंडा, राणा दग्गुबाती और लक्ष्मी मांचू को समन जारी किया था। अवैध बैटिंग एप से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए ईडी ने जोनल ऑफिस में अलग-अलग तारीखों पर पेश होने को कहा था। प्रकाश राज और देवरकोंडा पहले ही ईडी ऑफिस में पेश हो चुके हैं। विजय देवरकोंडा ने हाल ही में कहा था कि गेमिंग एप्स पूरी तरह से कानूनी हैं और सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त हैं।
क्या है पूरा मामला
ईडी के अनुसार इन एक्टर्स ने कथित तौर पर अवैध तरीके से पैसा जुटाने वाले ऑनलाइन सट्टेबाजी एप्स को अपना सपोर्ट दिया था। सूत्रों के अनुसार ही बैटिंग प्लेटफार्म पर अवैध सट्टेबाजी और जुए के जरिए से करोड़ों रुपये का अवैध पैसा हासिल किया गया है। जबकि इन सेलिब्रिटीज ने कहा है कि उन्हें बैटिंग एप्स के प्रोडक्ट, काम करने के तरीके के बारे में जानकारी नहीं थी। साथ ही इन मशहूर एक्टर्स ने यह भी दावा किया कि बैटिंग एप्स प्लेटफॉर्म की किसी भी गलत एक्टिविटी से इनका संबंध नहीं है।