साउथ के मशहूर अभिनेता नानी ने अपनी नई फिल्म 'द पैराडाइज' के कलेक्शन पर प्रतिक्रिया दी है। 24 सितंबर को रिलीज हुई इस फिल्म पर दर्शकों की मिलीजुली प्रतिक्रिया आई है। इस पर अभिनेता ने कहा यह दिखाती है कि 'दसरा' के बाद निर्देशक श्रीकांत ओडेला के साथ उनके काम को लेकर दर्शकों को कितनी उम्मीदें थीं।
'द पैराडाइज' की कामयाबी पर क्या बोले नानी?
नानी ने कहा, 'अपने 18 साल के करियर में मैंने 33 फिल्में की हैं लेकिन ऐसा अनुभव मुझे पहली बार हो रहा है। हालांकि जब कोई कहता है कि उन्हें फिल्म पसंद नहीं आई, तो उस प्रतिक्रिया के पीछे एक ईमानदारी होती है। जब कोई इतनी शिद्दत से कहता है कि 'यह मुझे पसंद नहीं आई', तो यह कुछ कहता है। हमने असल में इसे सकारात्मक रूप में लिया है।'
आलोचना को नजरअंदाज करने के बजाय, अभिनेता ने कहा 'यह दिखाता है कि दर्शक मुझ पर और श्रीकांत के साथ काम करने पर कितना भरोसा करते हैं। लोगों का इतनी उम्मीदों और भावनाओं के साथ थिएटर में आना और इतनी मजबूत प्रतिक्रिया देना यह बताता है कि हमने कुछ असली बनाया है। वह भरोसा एक सकारात्मक चीज है, चाहे प्रतिक्रियाएं ऊपर से कैसी भी दिखें।'
फिल्म 'द पैराडाइज' में नानी
- फोटो : इंस्टाग्राम-@theparadise
नानी ने जताई ये उम्मीद
नानी ने यह उम्मीद भी जताई कि ओडेला के साथ उनकी अगली फिल्म अगर बनती है, तो वह उन लोगों का दिल जीत लेगी। नानी ने कहा, 'अगली फिल्म, चाहे वह अकेले श्रीकांत की हो या हम दोनों की साथ में, ऐसी होनी चाहिए कि जो लोग अभी नाराज हैं, जो कह रहे हैं कि उन्हें यह फिल्म पसंद नहीं आई, वे भी थिएटर से खुशी-खुशी बाहर निकलें। यह हमारा उनके प्रति फर्ज है। जिन लोगों को यह पसंद आई, उन्हें अगली फिल्म भी पसंद आएगी।'
'द पैराडाइज' का कलेक्शन
- मिली-जुली प्रतिक्रिया के बावजूद, 'द पैराडाइज' ने अपने ओपनिंग वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर औसत प्रदर्शन किया।
- खबर लिखे जाने तक इस फिल्म ने भारत में कुल 98.50 करोड़ रुपये की कमाई की है।
- भारत में कुल कमाई (ग्रॉस) अभी 115.63 करोड़ रुपये है
- 5 दिनों में इसने दुनियाभर में कुल कमाई 144.85 करोड़ रुपये कमाए हैं।
फिल्म 'द पैराडाइज' में नानी और कीर्ति सुरेश
- फोटो : इंस्टाग्राम- @nameisnani
क्या है फिल्म की कहानी?
'द पैराडाइज' नानी और श्रीकांत ओडेला का 'दसरा' के बाद दूसरा साथ है। 1980 के दशक के सिकंदराबाद पर आधारित यह फिल्म सामंती उत्पीड़न के खिलाफ पहचान के लिए एक हाशिए पर पड़े समुदाय की लड़ाई को दिखाती है।