ममूटी, मोहनलाल और फहाद फासिल जैसे सुपरस्टार्स से सजी मलयालम फिल्म ‘पैट्रियट’ का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन अब फैंस का इंतजार और भी बढ़ सकता है, क्योंकि मेकर्स ने फिल्म की रिलीज में देरी की घोषणा की है। अप्रैल में रिलीज होने वाली यह फिल्म अब आगे बढ़ गई है। हालांकि, मेकर्स ने अभी नई रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है।
आज घोषित होगी फिल्म की नई रिलीज डेट
मेकर्स की ओर से एक आधिकारिक बयान जारी करके इस बात की जानकारी दी गई कि 23 अप्रैल को रिलीज होनी वाली ‘पैट्रियट’ अब आगे बढ़ गई है। बयान के अनुसार, रिलीज में देरी का निर्णय अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण लिया गया है।
निर्माताओं ने फैंस को आश्वासन दिया है कि वे फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज करने से पहले पूरी लगन से काम कर रहे हैं, ताकि फिल्म को अच्छे तरीके से बनाया जा सके। मेकर्स ने ये भी बताया कि फिल्म की नई रिलीज डेट आज शाम को फिल्म के मुख्य सितारों ममूटी और मोहनलाल के आधिकारिक सोशल मीडिया के माध्यम से घोषित की जाएगी।
मोहनलाल-ममूटी समेत नजर आएंगे कई बड़े सितारे
मलयालम सिनेमा के दो सबसे बड़े नाम ममूटी और मोहनलाल स्टारर 'पैट्रियट' ने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा किया है। यह एक स्पाई-थ्रिलर फिल्म है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर इसके प्रदर्शन को लेकर उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं। फिल्म में ममूटी और मोहनलाल के अलावा फहाद फासिल, नयनतारा, राजीव मेनन, रेवती, ग्रेस एंटनी, जरीन शिहाब, श्रीपार्वती, गीति संगीता, जिनू जोसेफ, दानिश हुसैन, शाहीन सिद्दीकी, सनल अमन और प्रकाश बेलावड़ी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस मच अवेटेड फिल्म का निर्देशन महेश नारायणन ने किया है।