14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुलिस ने मंगलवार शाम को इडुक्की जिले से रंजीत को हिरासत में लिया। उन्हें पहले थोडुपुझा पुलिस स्टेशन ले जाया गया, फिर कोच्चि पुलिस को सौंप दिया गया। मेडिकल जांच के बाद उन्हें आज बुधवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। रंजीत के वकील ने कहा है कि वे जल्द ही कोर्ट में जमानत की याचिका दायर करेंगे।
अश्वथी गिगी का बयान
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस अश्वथी गिगी ने बताया कि एक युवा अभिनेत्री ने रंजीत पर फिल्म की शूटिंग के दौरान यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इस शिकायत के आधार पर 28 मार्च को FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने सबूत जुटाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह भी बताया कि अभिनेत्री के बयान के आधार पर रंजीत पर यौन उत्पीड़न और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पिनाराई विजयन ने कही यह बात
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इस मामले पर कहा कि उन्हें अभी इसकी पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि आचार संहिता लागू होने के कारण मामले को उसी के अनुसार देखा जा रहा है।
जानें क्या है पूरा मामला?
एक महिला अभिनेत्री ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि फिल्म की शूटिंग के दौरान निर्देशक रंजीत ने उसके साथ यौन उत्पीड़न की कोशिश की। शिकायत के अनुसार, शूटिंग के समय रंजीत ने अभिनेत्री को कारवां में बुलाया। वहां उन्होंने उसके साथ गलत व्यवहार करने की कोशिश की।
पहले भी लग चुके हैं आरोप
इससे पहले भी रंजीत पर यौन शोषण के आरोप लगे थे। 2024 में एक बंगाली अभिनेत्री ने शिकायत की थी कि साल 2009 में फिल्म 'पलेरी माणिक्यम' की शूटिंग के दौरान रंजीत ने उनके साथ गलत व्यवहार किया था। केरल हाई कोर्ट ने रंजीत की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में यौन उत्पीड़न के मामलों की जांच कर रही जस्टिस के. हेमा समिति की रिपोर्ट के बाद भी रंजीत पर आरोप लगे थे।
यह भी पढ़ें: Jana Nayagan: 'जन नायकन' की रिलीज का इंतजार अब खत्म? जानें कब सिनेमाघरों में दस्तक देगी थलापति विजय की फिल्म