करुप्पु में इलैयाराजा से जुड़ा विवादित डायलॉग
- फोटो : सोशल मीडिया
सूर्या और तृषा कृष्णन की फिल्म ‘करुप्पु’ इन दिनों सिनेमाघरों में बनी हुई है और बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। लेकिन इस बीच फिल्म के एक डायलॉग को लेकर इसे आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ रहा है। यह डायलॉग दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा के कॉपीराइट विवाद से जुड़ा है। हालांकि, इस मामले में लगातार आलोचनाओं का सामना करने के बाद अब मेकर्स इस डायलॉग को हटाने के लिए तैयार हो गए हैं।
मेकर्स ने खेद जताते हुए हटाया सीन
‘करुप्पु’ के मेकर्स की ओर से विवादित डायलॉग को फिल्म से हटाने के बारे में जानकारी देते हुए एक विस्तृत बयान जारी किया गया है। मेकर्स की ओर से इस पर खेद जताते हुए अपने इरादे को स्पष्ट किया गया और फिल्म के आगामी वर्जन में बदलाव की घोषणा की गई।
अपने बयान में मेकर्स की ओर से कहा गया कि 'करप्पू' में इलैयाराजा के नाम का उपयोग करने वाला सीन एक संयोगवश हुआ था और इसका उद्देश्य केवल एक मैसेज देना था। टीम का इरादा इलैयाराज की इमेज को चोट पहुंचाना बिल्कुल नहीं था।
बयान में इलैयाराजा को म्यूजिक का बादशाह बताया गया। इसमें आगे कहा गया कि अगर इलैयाराजा, उनसे जुड़े लोग, उनके फैंस या कोई और उस सीन से आहत हुआ है, तो टीम इसके लिए खेद जताती है। इलैयाराजा की भावनाओं का सम्मान करते हुए फिल्म के आगामी वर्जन में संबंधित हिस्से को हटाने या एडिट करने का फैसला लिया गया है।
यह है विवादित डायलॉग और सीन
यह विवादित सीन और डायलॉग 1985 की फिल्म 'अलाई ओसाई' के गीत 'पोरदादा' वाले एक सीन से संबंधित है। इसके बाद इलैयाराजा के बारे में एक डायलॉग आता है। यह डायलॉग संगीतकार और तमिल फिल्मों में उनके गानों के बिना मर्जी इस्तेमाल के खिलाफ उनके चर्चित कॉपीराइट उल्लंघनों पर तंज है। इस डायलॉग की कई फैंस ने ऑनलाइन आलोचना की, जिसके बाद अब मेकर्स ने इसमें बदलाव का फैसला किया है।