कई मशहूर फिल्में देने वाला प्रोडक्शन हाउस होम्बले फिल्म्स नई फिल्म 'शरणागति' लेकर आ रहा है। इस प्रोडक्शन हाउस ने पहले 'केजीएफ', 'सालार' और 'कांतारा' जैसी फिल्में बनाई हैं। 'महावतार नरसिम्हा' इसी बैनर के तहत बनी है। फिल्म 'शरणागति' एक एनिमेशन फिल्म है। इसे अत्याधुनिक एआई मोशन कैप्चर तकनीक की मदद से तैयार किया गया है।
किस पर आधारित होगी फिल्म?
होम्बले फिल्म्स ने ट्रांसेंडेंटल फिल्म्स के साथ एनिमेटेड फिल्म ‘शरणागति- द लाइफ ऑफ अ सरेंडर्ड सोल’ की घोषणा की है। यह फिल्म इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस (इस्कॉन) के संस्थापक-आचार्य, ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी श्रील प्रभुपाद के जीवन की यात्रा पर आधारित होगी। इसमें दर्शक आध्यात्मिक मिशन के लिए उनके समर्पण को देख सकेंगे।
शरणागति
- फोटो : यूट्यूब
श्रील प्रभुपाद ने कृष्ण भक्ति का संदेश दिया
यह फिल्म श्रील प्रभुपाद की जीवन यात्रा को दिखाएगी। 69 साल की उम्र में 1965 में उन्होंने भारत से अमेरिका की यात्रा की थी। इस दौरान वह अपने साथ भगवद्गीता की शिक्षाएं और भगवान कृष्ण का संदेश लेकर गए थे। अपने आध्यात्मिक गुरु श्रील भक्तिसिद्धांत सरस्वती ठाकुर के निर्देशों का पालन करते हुए उन्होंने एक ऐसा मिशन शुरू किया, जिसके जरिए दुनिया भर में लाखों लोगों तक कृष्ण भक्ति का संदेश पहुंचा। उनका जीवन अटूट आस्था, समर्पण, संघर्ष और निस्वार्थ सेवा की मिसाल है।
शरणागति
- फोटो : यूट्यूब
कब रिलीज होगी फिल्म?
गौरा शक्ति दास ने इस फिल्म की कहानी लिखने के साथ इसका निर्देशन भी किया है। राजेश सिंह और लोहित राव इसके निर्माता हैं, जबकि श्रीधर शिकारिपुरा ने विजुअल डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाली है। यह फिल्म ट्रांसेंडेंटल फिल्म्स के बैनर तले बनाई जा रही है, जिसमें डाइव डीप एआई स्टूडियो का सहयोग है। होम्बाले फिल्म्स इसे पेश करने के साथ दुनियाभर में रिलीज करेगी। यह फिल्म अगस्त 2027 में श्रील प्रभुपाद की व्यास पूजा के शुभ अवसर पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।