चिरंजीवी कोनिडेला का पोस्ट
चिरंजीवी कोनिडेला ने आज इंस्टाग्राम पर अपनी पुरानी ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें शेयर की हैं। यह तस्वीरें चिरंजीवी की पहली टॉलीवुड डेब्यू फिल्म 'पुनादिरल्लू' के दौरान की है, जब उन्होंने पहली बार कैमरे का सामना किया था।
चिरंजीवी कोनिडेला का नोट
चिरंजीवी ने अपनी पहली टॉलीवुड फिल्म 'पुनादिरल्लू' को लेकर कैप्शन में लिखा, 'यह मेरी जिंदगी का वो पहला दिन है, जब मैं कैमरे के सामने 'पुनादिरल्लू' फिल्म के लिए काम कर रहा था। उस दिन मुझे जो घबराहट, खुशी, जिम्मेदारी और भावनाएं महसूस हुईं, उसे शब्दों में कहना मुश्किल है। वो पल आज भी ऐसा लगता है जैसे कल या परसों ही हुआ हो। चांदनी रात जैसा सुंदर एहसास।'
चिरंजीवी ने 'पुनादिरल्लू' के निर्देशक का किया शुक्रिया
चिरंजीवी ने अपनी पहली फिल्म 'पुनादिरल्लू' के निर्देशक राजकुमार का भी शुक्रिया किया। चिरंजीवी ने लिखा, 'इस खास मौके पर मैं उस फिल्म के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर का दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। उन्होंने मुझे पहला मौका दिया। उनके भरोसे और हिम्मत ने मेरे एक्टिंग के सफर की शुरुआत की। उस दिन से आज तक मुझे प्यार, सपोर्ट और आशीर्वाद देने वाले सभी दर्शकों का भी बहुत-बहुत शुक्रिया।'
'पुनादिरल्लू' के बारे में
तेलुगू मेगास्टार चिरंजीवी ने 1978 में फिल्म ‘पुनादिरल्लू’ से अपना एक्टिंग डेब्यू किया था। 'पुनादिरल्लू' 1979 में राजकुमार द्वारा निर्देशित भारतीय तेलुगु भाषा की फिल्म है। यह अभिनेता चिरंजीवी की पहली फिल्म थी। इसने सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के लिए नंदी पुरस्कार जीता और गोकिना रामा राव ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए नंदी पुरस्कार जीता।
यह भी पढ़ें: कपिल शर्मा के शो पर पहुंची 'ओ रोमियो' की स्टार कास्ट, वैलेंटाइन डे को लेकर शाहिद से पूछा सवाल; हैरान रह गए सभी