अभिनेत्री के जन्मदिन पर सामने आई झलक
अब निर्माताओं ने प्रशंसकों के उत्साह को बढ़ाने के लिए अनुष्का के जन्मदिन के खास अवसर पर फिल्म से अभिनेत्री की झलक साझा की। साथ ही उनका फर्स्ट लुक पोस्टर भी जारी किया। इस फिल्म में अनुष्का शेट्टी अभिनेता जयसूर्या के साथ नजर आएंगी। 'कथानार- द वाइल्ड सॉर्सेरर' एक आगामी मलयालम फिल्म है, जिसे एक फंतासी थ्रिलर बताया जा रहा है।
फिल्म में अनुष्का का किरदार
किरदार का टीजर दिलचस्प दृश्यों के साथ शुरू होता है, जिसमें धागों के ताने-बाने को बुनाई मशीन में डाला जाता है। जल्द ही प्रशंसक अनुष्का के किरदार को बुनाई मशीन के बीच से निकलते हुए देखते हैं। वह नीला की भूमिका निभाती हैं और दर्शक उम्मीद कर सकते हैं कि वह फिल्म में एक बुनकर की भूमिका निभाएंगी। 'कथानार - द वाइल्ड सॉर्सेरर' अनुष्का की मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में पहली फिल्म है।
दो भागो में रिलीज होगी फिल्म
'कथानार- द वाइल्ड सॉर्सेरर' को आर रामानंद ने लिखा है और श्री गोकुलम मूवीज के बैनर तले गोकुलम गोपालन ने इसका निर्माण किया है। अनुष्का और जयसूर्या के अलावा, फिल्म में प्रभु देवा और विनीत भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के तकनीकी दल में राहुल सुब्रह्मण्यम शामिल हैं, जो बैकग्राउंड स्कोर बना रहे हैं और नील डीकुन्हा सिनेमैटोग्राफर हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फिल्म नौवीं शताब्दी के दौरान रहने वाले महान ईसाई पुजारी कदमत्तु कथानार की कहानी पर आधारित है। फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म की रिलीज की तारीख की घोषणा अभी बाकी है।