मैथालॉजिकल शो 'महाभारत' में श्रीकृष्ण का किरदार निभाकर घर-घर अपनी पहचान बनाने वाले एक्टर सौरभ जैन ने हाल ही में अपनी पत्नी की सर्जरी के बारे में जानकारी दी। एक्टर ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा कीं और पत्नी रिद्धिमा की 'खतरे की स्थिति' का खुलासा किया, साथ ही बताया कि सर्जरी के बाद अब उनकी हालत कैसी है।
छोटे पर्दे के जाने-माने एक्टर सौरभ जैन ने हाल ही में अपनी पत्नी की सर्जरी की खबर को फैंस के साथ साझा किया। एक्टर ने खुलासा किया कि रिद्धिमा की तबीयत किस कदर बिगड़ी थी। तस्वीरों के साथ एक्टर ने डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मचारियों को उनकी मदद और उपचार के लिए धन्यवाद देते हुए एक लंबा आभार नोट भी लिखा।
सौरभ जैन ने पत्नी रिद्धिमा की बीमारी के बारे में जानकारी साझा करते हुए लिखा, 'सब कुछ ठीक है, वह अब घर वापस आ गई हैं। रिद्धिमा एक जानलेवा स्थिति से गुजरीं, मैं इसके विवरण पर नहीं जाना चाहता, लेकिन यह पोस्ट डॉक्टरों और नर्सों के प्रति मेरी हार्दिक कृतज्ञता के लिए है, जो न केवल रोगियों के लिए बल्कि साथ देने वाले परिवार या दोस्तों के लिए भी अपनी विशेषज्ञता से परे जाते हैं।'
सौरभ जैन ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, 'उन सभी दोस्तों का शुक्रिया जो लगातार संपर्क में रहे, मुझसे बात करते रहे और मुझे हिम्मत देते रहे। मैं नामों का उल्लेख नहीं करूंगा, लेकिन आप जानते हैं कि इस दौरान यह मेरे लिए कितना मददगार रहा, और रिद्धिमा तुम सबसे मजबूत लड़की हो जिसे मैं जानता हूं। मैं तुम्हें बहुत ज्यादा प्यार करता हूं।' एक्टर ने अंत में जोड़ा, 'भगवान की कृपा से रिद्धिमा ठीक हैं, और घर वापस आ गई हैं। कोई बड़ी सावधानी नहीं बरती जानी है, और उनकी रिकवरी जारी है।' सौरभ ने 28 नवंबर 2010 को रिद्धिमा जैन से शादी रचाई थी। यह जोड़ा 21 अगस्त 2017 को जुड़वा बच्चों ऋषिका और ऋषि का पैरेंट्स बना था।