सोनू सूद ने किया बैल देने का एलान
लातूर जिले के हडोल्टी गांव के एक किसान का वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हुआ। इस वीडियो में किसान खुद से खेत जोत रहा है। सोनू सूद ने जब यह वीडियो देखा तो उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा 'आप नंबर भेजिए हम बैल भेजते हैं।' यही नहीं एक यूजर ने कहा कि बैल की जगह पर ट्रैक्टर भेज दो। इस पर सोनू सूद ने कहा 'हमारे इस किसान को ट्रैक्टर चलाना नहीं आता, इसलिए बैल ही बढ़िया है दोस्त।'
किसान ने 10 साल पहले बेचे बैल
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक किसान अपनी पत्नी के साथ खेत जोतने की कोशिश कर रहा है। दोनों ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि ना तो वह बैल खरीद सकते हैं और ना ही ट्रैक्टर का इंतजाम कर सकते हैं। अंबादास पवार नाम के किसान ने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से खेत जोत रहे हैं। पहले उनके पास बैल थे लेकिन वह इनकी सेवा नहीं कर पा रहे थे इसलिए उन्हें बेच दिया।
यह खबर भी पढ़ें: Puneet Issar: जब पुनीत इस्सर पर लगे थे अमिताभ बच्चन को जान से मारने के इल्जाम, अभिनेता ने सुनाई आप बीती
किसान से अधिकारियों ने किया संपर्क
किसान ने बताया कि '10 वर्षों से किसी ने कुछ नहीं कहा। एक दिन किसी ने खेत जोतते हुए हमारी वीडियो बना ली और इसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो वायरल होने के बाद आज लातूर जिला अधिकारी और राज्य के मंत्री ने मुझसे संपर्क किया।'
किसान ने सरकार से अपील की है कि उनका 40,000 हजार रुपये का कर्ज माफ किया जाए। उन्होंने बताया कि उनका एक बेटा शहर में काम करता है लेकिन वह उनकी मदद नहीं करता है।
कोरोना महामारी के दौरान सोनू सूद ने की थी मदद
आपको बता दें कि अभिनेता सोनू सूद ने कोरोना माहामारी के दौरान लोगों की बहुत मदद की थी। कई मरीजों के लिए उन्होंने एंबुलेंस, ऑक्सीजन और दवाओं का इंतजाम किया था। लॉकडाउन के दौरान कई लोग फंस गए थे उन्हें भी सोनू सूद ने घर पहुंचाने में मदद की थी।