'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' का सफर खत्म होगा?
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' 29 जुलाई 2025 को शुरू हुआ था। टीवी के साथ-साथ इस बार यह ओटीटी पर भी स्ट्रीम हुआ। पहले पार्ट की अधिकांश कास्ट शो का हिस्सा बनी और साथ ही नई पीढ़ी के रूप में कुछ नए सितारे जुड़े। इस बार भी इस शो को भर-भरकर प्यार मिला। मगर, चर्चा है कि यह शो अब अलविदा कहने वाला है। बंद होने की चर्चाओं के बीच शो की प्रोड्यूसर एकता कपूर ने भी एक पोस्ट शेयर किया है।
एकता कपूर ने क्या कहा?
एकता कपूर ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने सीरियल की टीम के साथ एक वीडियो साझा किया है। इसके साथ कैप्शन लिखा है, 'इस काम में शामिल सभी लोगों का तहे दिल से शुक्रिया। बस अभी 'क्योंकि...' का आखिरी एपिसोड लिखना खत्म किया है। क्या यह वाकई आखिरी है'? एकता कपूर ने आखिरी एपिसोड का जिक्र तो किया है, मगर साथ ही सवाल भी छोड़ दिया है। ऐसे में नेटिजंस पूछ रहे हैं कि क्या वाकई शो बंद हो रहा है?
कब टेलीकास्ट होगा आखिरी एपिसोड?
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में नोयना का किरदार अदा करने वाली एक्ट्रेस बरखा बिष्ट ने कमेंट कर एकता कपूर का शुक्रिया अदा किया है। वहीं, कुछ दर्शक एकता से इस शो को बंद न करने की गुजारिश कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 20 अक्तूबर को 'क्योंकि 2...' का आखिरी एपिसोड टेलीकास्ट होगा। इसके बाद, इसकी जगह नया सीरियल 'अप्सरा' शुरू होने की चर्चा है।