इमरजेंसी के वक्त में रिलीज हुई थी ‘शोले’, सेंसर बोर्ड ने हटवा दिए थे कई सीन
शोले 15 अगस्त 1975 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। उस वक्त देश में इमरजेंसी का माहौल था। नतीजन न चाहते हुए भी निर्देशक रमेश सिप्पी को फिल्म में कई बदलाव करने पड़े थे। यहां तक कि फिल्म में दिखाया गया क्लाईमैक्स भी वो नहीं है, जिसे सलीम-जावेद ने असल में लिखा था। फिल्म के असली क्लाईमैक्स में ठाकुर (संजीव कुमार) गब्बर (अमजद खान) को अपने कील वाले जूतों से कुचलकर मार डालता है। लेकिन सेंसर बोर्ड ने उस समय इस क्लाईमैक्स को अत्यधिक हिंसक बताते हुए इसे बदलने को कहा। जिसके बाद रमेश सिप्पी को न चाहते हुए भी क्लाईमैक्स को बदलना पड़ा, जिसमें ठाकुर गब्बर को मारता नहीं बल्कि पुलिस के हवाले कर देता है। इसके अलावा भी कई सीन ऐसे थे, जिन्हें सेंसर बोर्ड ने अधिक हिंसक बताकर हटवा दिया था। जबकि कई सीन को फिल्म की अवधि अधिक लंबी होने की वजह से मेकर्स ने खुद बाहर कर दिया था।
फाइनल कट में दिखेंगे ये बदलाव
अब जब मेकर्स ने फिर से फिल्म को ‘शोले: द फाइनल कट’ के नाम से रिलीज किया है, तो इसमें आपको वो सभी सीन भी देखने को मिलेंगे, जिन्हें उस वक्त सेंसर ने हटवा दिया था। या फिर जिन सीन को मेकर्स ने खुद लंबी अवधि की वजह से हटा दिया था। यही कारण है कि इस बार फिल्म लगभग 19 मिनट लंबी हो गई है। पहले जहां शोले की अवधि 190 मिनट यानी लगभग 3 घंटे 10 मिनट की थी। वहीं अब ये बढ़कर 209.05 मिनट यानी 3 घंटे 29 मिनट और 5 सेकंड हो गई है। इस बार जिन सीन में बदलाव हुआ है उनमें रहीम चाचा (एके हंगल) के बेटे अहमद (सचिन पिलगांवकर) के मारने का सीन शामिल है। फाइनल कट में दिखाया गया है कि कैसे अहमद को गब्बर गर्म तलवार से जला-जलाकर मारता है। रिलीज के वक्त सेंसर ने इस सीन को भी अत्यधिक हिंसक बताते हुए हटवा दिया था। इसके अलावा इस बार फिल्म का क्लाईमैक्स बदला है। इस बार वो क्लाईमैक्स है, जो सलीम-जावेद ने लिखा था। यानी फाइनल कट में ठाकुर गब्बर को पुलिस के हवाले न करके अपनी कील वाले जूतों से मार-मारकर जान से मार देता है।
धर्मेंद्र और असरानी को ट्रिब्यूट
‘शोले: द फाइनल कट’ के जरिए आप लीजेंड्री एक्टर धर्मेंद्र को एक ट्रिब्यूट दे सकते हैं। निधन के बाद पहली बार धर्मेंद्र इस फिल्म के जरिए बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। जहां आप उन्हें उनके यादगार डायलॉग्स और सीन को करते देख पाएंगे। फिल्म की शुरुआत में धर्मेंद्र और असरानी समेत फिल्म से जुड़े उन सभी कलाकारों को मेकर्स ने श्रद्धांजलि दी है, जो अब इस दुनिया में नहीं रहे। हालांकि, मेकर्स ने जब इस फाइनल कट की घोषणा की थी, तब किसी को नहीं पता था कि ये धर्मेंद्र के लिए एक ट्रिब्यूट बन जाएगी। क्योंकि मेकर्स फिल्म की री-रिलीज को जय-वीरू की मौजूदगी में बड़े इवेंट में करने वाले थे। रिपोर्ट्स की मानें तो इसके लिए अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र दोनों ने ही अपनी स्वीकृति भी दे दी थी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। धर्मेंद्र के निधन के चलते मेकर्स ने फिल्म से जुड़ा इवेंट भी कैंसिल कर दिया।