मनोज बाजपेयी की सुपरहिट वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन’ के तीसरे भाग का दर्शक बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब तक इस सीरीज के दो पार्ट आ चुके हैं और दोनों को ही लोगों ने काफी पसंद किया है। अब इसके आने वाले तीसरे भाग को लेकर सीरीज में जेके तलपड़े का किरदार निभाने वाले शारिब हाशमी ने बात की है। साथ ही उन्होंने ये दावा किया है कि आने वाले तीसरे सीजन में मजा भी तीनगुना होने वाला है और सीरीज में कई नए तथ्य भी देखने को मिलेंगे।
काफी बड़े पैमाने पर होगा सीजन 3
मनी कंट्रोल डॉट कॉम के साथ बातचीत में शारिब हाशमी ने ‘द फैमिली मैन’ के तीसरे सीजन को लेकर बात की। उन्होंने कहा, “तीसरे सीजन में मेरे किरदार में काफी कुछ नया है। हम नई चीजें सीखेंगे, ज्यादा मौज मस्ती करेंगे और यह सीजन बाकी दोनों सीजन से काफी बड़े स्तर पर होने वाला है। पहले सीजन को लोगों ने पसंद किया। इसके बाद दूसरे सीजन में लोगों का मजा दोगुना हो गया। अब तीसरे सीजन में गारंटी लेता हूं कि सभी का मजा तीन गुना होने वाला है।”
मेरे लिए किरदार में ढलना आसान था
सीरीज में अपने किरदार जेके तलपड़े के बारे में बात करते हुए अभिनेता ने कहा, “मेरे लिए किरदार में ढलना काफी आसान था। क्योंकि मैं मुंबई में ही पैदा हुआ और यहीं पर बड़ा हुआ हूं। मैं चारों तरफ मराठी भाषा बोलने वाले लोगों से ही घिरा रहता हूं। मैंने 10वीं कक्षा तक स्कूल में मराठी पढ़ी है। मेरे अधिकांश दोस्त महाराष्ट्र से ही हैं।”
यह खबर भी पढ़ें: काजोल ने कुछ इस तरह किया पति अजय देवगन को बर्थडे विश, इस काम के लिए कहा थैंक्यू
इसलिए मिला जेके तलपड़े का किरदार
शारिब ने आगे बताया कि उनकी भाषा में कई तरह के प्रभाव देखने को मिलते हैं, क्योंकि उनके पिता उत्तर प्रदेश से और मां दिल्ली से थीं। हालांकि, उन्हें मराठी काफी पसंद है। इसलिए जब उन्होंने ‘द फैमिली मैन’ के लिए ऑडिशन दिया, तो निर्माताओं ने उन्हें जेके तलपड़े का किरदार निभाने को दिया।
यह खबर भी पढ़ें: Kunal Kamra: कुणाल कामरा ने मांगी माफी, शो अटैंड करने वाले शख्स को दिया जबरदस्त ऑफर; जानें क्या है पूरा मामला
‘संदूक’ में नजर आए शारिब
वर्कफ्रंट की बात करें तो शारिब हाशमी की हालिया रिलीज ‘संदूक’ है, जो ओटीटी प्लेटफॉर्म वेव्स पर स्ट्रीम कर रही है। इसके अलावा वो इसी साल रिलीज हुई जॉन अब्राहम की फिल्म ‘द डिप्लोमेट’ में भी नजर आए थे।