शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान 2025 में वेब सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' का निर्देशन करके मशहूर हो गए हैं। इसी सीरीज से उन्होंने निर्देशन में डेब्यू किया है। यह सीरीज इसलिए खास है क्योंकि इसमें आमिर खान, सलमान खान, एसएस राजामौली, रणवीर सिंह जैसे कई सेलेब्स ने कैमियो किया है। शो के बारे में बात करते हुए आर्यन खान ने सलमान खान और शाहरुख खान के बारे में दिलचस्प बातें बताई हैं।
आर्यन ने डब की सलमान की आवाज
आर्यन खान ने फिल्मफेयर से बातचीत में बताया, 'मैंने उस सीन की डबिंग की है जिसमें सलमान खान कहते हैं 'बुल** पार्टी।' मैंने सीरीज की शुरुआत में बोली गई कुछ गालियों की भी डबिंग की है। मैं सलमान खान की आवाज बहुत अच्छे से निकाल सकता हूं।'
आर्यन खान
- फोटो : एक्स
पिता ने आर्यन को क्या सलाह दी?
अपने पिता के साथ काम करने के बारे में आर्यन खान ने कहा 'वह कुछ भी नहीं भूलते। उन्हें डायरेक्ट करना बहुत आसान है। उन्हें पहले से ही पता होता है कि क्या करना है, इसलिए मुझे डायरेक्टर के तौर पर उन्हें उन चीजों के बारे में याद दिलाने की जरूरत नहीं पड़ती। मेरा काम आसानी से हो जाता है।'
जब आर्यन खान से पूछा गया कि क्या उनके सुपरस्टार पिता सेट पर उन्हें सलाह देते हैं? इस पर आर्यन ने जवाब दिया, 'मुझे उनसे सीखने में बहुत खुशी होती है। वह मुझसे बस यही कहते हैं कि कम टेक लिया करो।'
आर्यन खान का वर्कफ्रंट
आर्यन खान की सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' 18 सितंबर 2025 को रिलीज हुई थी। इसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था। आर्यन खान चाइल्ड एक्टर के तौर पर फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' (2001) में नजर आ चुके हैं। उन्होंने हॉलीवुड फिल्मों 'द लायन किंग' और 'मुफासा: द लायन किंग' में हिंदी में अपनी आवाज दी है।