सुजैन खान ने अभिनेता ऋतिक रोशन से तलाक के दो साल बाद इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। ऋतिक और सुजैन ने साल 2000 में शादी की थी और साल 2013 में उन्होंने अलग होने का फैसला लिया। हालांकि आधिकारिक रूप से 2014 में उनका तलाक हुआ था।
दोनों के अलगाव के बाद कई तरह की थ्योरी सामने आईं, पर ऋतिक और सुजैन ने चुप्पी बनाए रखी। लेकिन हाल ही में ‘फेमिना’ को दिए एक इंटरव्यू में सुजैन ने तलाक की वजह बताई है। उस इंटरव्यू में सुजैन ने कहा, ‘‘हम अपने जीवन की उस स्टेज पर पहुंच गए थे, जहां हमारा अलग होना ही बेहतर था।''
उन्होंने कहा, ''सच्चाई से वाकिफ होते हुए, झूठे और नकली रिश्ते से बाहर आ जाना चाहिए। हम अब भी करीबी दोस्त हैं।’’ सुजैन और ऋतिक के दो बच्चे ऋहान और ऋदान हैं। सुजैन ने कहा, ‘‘हम दोनों के रिश्ते का असर अपने बच्चों पर नहीं पड़ने देते।’’ वो कहती हैं, ‘‘जब बच्चों की बात आती है, तो हम दोनों आपसी मतभेद भुलाकर उन्हें सुरक्षा देते हैं।’’
सुजैन ने ऋतिक के पक्ष में किया था ट्वीट
कंगना और ऋतिक रोशन विवाद को लेकर अप्रैल में सुजैन ने ऋतिक के पक्ष में ट्वीट किया था। उन्होंने कहा था कि कंगना के साथ ऋतिक की तस्वीरें फोटोशॉप से बनाई गई हैं। इसके कुछ समय बाद ऋतिक और सुजैन अपने दोनों बच्चों के साथ मुंबई के एक रेस्तरां में दिखाई दिए थे। ऐसे में, जब बातें दोबारा रिश्ता जुड़ने की उठीं, तो सुजैन ने साफ किया कि वह दोबारा रिश्ता जोड़ने नहीं जा रही हैं। वे दोनों अच्छे माता-पिता हैं।
ऋतिक रोशन इन दिनों आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन में बनी फिल्म 'मोहनजोदड़ो' और संजय गुप्ता की 'काबिल' की शूटिंग में व्यस्त हैं। 'मोहनजोदड़ो' 12 अगस्त को रिलीज़ होगी जबकि 'काबिल' 26 जनवरी 2017 में रिलीज़ होगी।