तेरे नाम फिल्म में सलमान
- फोटो : एक्स@satishkaushik2
‘तेरे नाम’ के लिए सलमान नहीं थे पहली पसंद, सतीश कौशिक नहीं थे निर्देशक
साल 2003 में आई सलमान खान की सुपरहिट फिल्म ‘तेरे नाम’ का निर्देशन भी सतीश कौशिक ने ही किया था। इस फिल्म ने सलमान खान के करियर को एक अलग पहचान दी। लेकिन क्या आपको पता है कि इस फिल्म के लिए सलमान खान पहली पसंद नहीं थे। दरअसल, मेकर्स पहले संजय कपूर को इस फिल्म में लेना चाहते थे। लेकिन संजय कपूर ने मना कर दिया, इसके बाद सलमान को ये फिल्म ऑफर हुई। वहीं ‘तेरे नाम’ का निर्देशन भी पहले सतीश कौशिक नहीं बल्कि अनुराग कश्यप करने वाले थे। मगर अनुराग कश्यप ने सलमान खान के सामने एक डिमांड रख दी, जिसके बाद अनुराग कश्यप को ही फिल्म से हटा दिया गया।
दरअसल, अनुराग कश्यप ने एक इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म की कहानी यूपी के मथुरा-आगरा में आधारित थी। इसलिए वो फिल्म के हीरो को फुल यूपी स्टाइल में दिखाना चाहते थे। इसलिए उन्होंने सलमान खान से अपने सीने पर बाल उगाने के लिए कहा। अनुराग ने बताया कि सलमान ने उस वक्त तो उनसे कुछ नहीं कहा, लेकिन सुबह पता चला कि अनुराग कश्यप अब फिल्म के निर्देशक नहीं रहे हैं। इसके बाद इस फिल्म की जिम्मेदारी सतीश कौशिक को मिली।
गुस्से में सलमान ने मुंडवा लिए थे बाल
जिस ‘तेरे नाम’ ने सलमान के करियर को एक उड़ान दी, सलमान पहले उस फिल्म को करने के लिए पूरी तरह से संतुष्ट नहीं थे। क्योंकि उन्हें फिल्म के सेकेंड हाफ में अपने बाल मुंडवाने थे। जिसके लिए सलमान तैयार नहीं हो रहे थे। तेरे नाम के वक्त सलमान एक दूसरी फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। एक शो में सलमान बताते हैं कि मैं उस वक्त एक और फिल्म की शूटिंग कर रहा था। एक दिन मुझे तेज बुखार था। तभी उस फिल्म के मेकर्स का फोन आता है कि शूटिंग पर आना है। मैं मेकर्स को बोलता हूं मुझे बुखार है शूटिंग कैंसिल करते हैं। लेकिन वो नहीं माना, उसने कहा कि उसने लोकेशन के 18 हजार रुपए दे दिए हैं, साथ ही फिल्म की अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी की डेट्स भी नहीं हैं।
इसके बाद सलमान नाराज हो गए और उन्होंने डायरेक्टर से कहा कि ठीक है सुबह आना। इसके बाद सलमान गुस्से में वॉशरूम गए और ट्रिमर से अपने पूरे बाल ही घोट दिए। इसके बाद जब उस फिल्म के निर्देशक ने सुबह सलमान को देखा, तो वो हैरान रह गया। तभी सलमान ने तुरंत ही तेरे नाम के मेकर्स को फोन किया और कहा कि मैंने बाल गंजे करा दिए हैं, चलो शूटिंग शुरू करते हैं।
यह खबर भी पढ़ें: Homebound: कई ड्राफ्ट और सात साल की मेहनत, ऐसा रहा नीरज घेवन की ‘होमबाउंड’ का कान तक का सफर