अश्लीलता को लेकर जारी हुआ था समन
अभिनेता संजय दत्त को 'सरके चुनर तेरी सरके' गाने में कथित अश्लीलता और फूहड़पन को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग ने समन जारी किया था। इसके बाद अभिनेता आज राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष पेश हुए। उन्होंने आयोग के सामने कहा कि उन्हें गाने के आपत्तिजनक शब्दों की जानकारी नहीं थी। यह गाना किसी और भाषा में रिकॉर्ड किया गया था।
क्या संजय दत्त को पता था कि लिरिक्स ऐसे हैं?
संजय दत्त जब सुनवाई के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग के दफ्तर से बाहर निकले तो पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि आपको समन जारी किया गया था। क्या यह गाना करने से पहले आपको पता था कि इसके लिरिक्स ऐसे हैं? हालांकि, संजय दत्त ने किसी सवाल का कोई जवाब नहीं दिया और वे सीधे अपनी कार में जाकर बैठ गए।
संजय दत्त ने महिला आयोग से माफी मांगी
अभिनेता संजय दत्त के वकील हेमंत शाह ने कहा, 'संजय दत्त आज राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने पेश हुए। महिलाओं और आयोग के प्रति अपने गहरे सम्मान के चलते उन्होंने कहा कि उन्हें गाने के लिरिक्स के बारे में जानकारी नहीं थी। इसके बावजूद, बिना किसी शर्त के उन्होंने माफी मांगी है और साथ ही अपनी मर्जी से आदिवासी समुदाय के 50 बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने की पेशकश भी की है। उन्होंने बताया कि जब यह गाना रिकॉर्ड किया गया था, तब इसे किसी दूसरी भाषा में रिकॉर्ड किया गया था'।
कब रिलीज होगी साउथ फिल्म 'केडी'?
कन्नड़ फिल्म 'केडी: द डेविल' का गाना 'सरके चुनर' संजय दत्त और नोरा फतेही पर फिल्माया गया। इस गाने का हिंदी वर्जन रिलीज के बाद से ही विवादों में घिर गया। सोशल मीडिया पर भी इसकी जमकर आलोचना हुई। लोगों का कहना था कि गाने के बोल बहुत अश्लील और आपत्तिजनक हैं। हंगामे के बाद इस गाने को सभी प्लेटफॉर्म्स से हटा लिया गया। साउथ फिल्म 'केडी द डेविल' 30 अप्रैल, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म में ध्रुव सरजा, किच्चा सुदीप, संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी और नोरा फतेही जैसे सितारे हैं।