रिपोर्ट्स की मानें तो सलमान खान के टीवी रियलिटी शो 'बिग बॉस 16' को एक महीने के लिए आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले जहां इस शो का फिनाले जनवरी 2023 में होना तय था। अब इसे बढ़ाकर फरवरी 2023 के अंत तक टाल दिया गया है, जिसकी वजह से शो में हिस्सा लेने वाले सदस्य अभी और एक महीने के लिए फैंस को अपने खट्टी मीठी बातों से एंटरटेन करने वाले हैं।
बता दें, इस बार सीजन 'बिग बॉस 16' में कई बदलाव किए गए थे। शनिवार और रविवार को होने वाला सलमान खान का वीकेंड का वार शुक्रवार और शनिवार को रखा गया था, जिस वजह से सिर्फ वीकेंड ही नहीं वीक डेज की टीआरपी को लेकर भी मेकर्स को फायदा हुआ था। रविवार के दिन शेखर सुमन का एक स्पेशल सेगमेंट भी इस सीजन में शुरू कर दिया गया। इन बदलाव का इस शो को काफी ज्यादा फायदा हो रहा है और मेकर्स इसे देखते हुए अभी शो को जारी रखना चाहते हैं और दर्शकों को एंटरटेमनेंट का डबल डोज देना चाहते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान के इस कॉन्ट्रोवर्सियल टीवी रियलिटी शो की टीआरपी काफी अच्छी रही है, जिसकी वजह से इस शो को आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है। बता दें कि इस शो ने सिद्धार्थ शुक्ला और शहनाज गिल के चर्चित बिग बॉस 13 की टीआरपी को भी पीछे छोड़ दिया है, जिसकी वजह से मेकर्स इस मौके को छोड़ना नहीं चाहते हैं और दर्शकों के बीच बिग बॉस का क्रेज बरकरार रखना चाहते हैं।