बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी गुरुवार शाम एक साथ दिखाई दिए। दोनों की मुलाकात का मकसद तेलंगाना की नई विकास यात्रा 'तेलंगाना राइजिंग 2047 विजन' को लेकर देश और दुनिया में मैसेज फैलाना था।
सलमान से सीएम ने की मुलाकात
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने मुंबई में सलमान खान से मुलाकात के दौरान राज्य के तेजी से उभरते विकास मॉडल और भविष्य की योजनाओं को साझा किया। इस पर सलमान खान ने कहा कि वह तेलंगाना की इस प्रगतिशील सोच को पूरी दुनिया तक पहुंचाएंगे। उनका कहना था- 'मैं तेलंगाना राइजिंग का संदेश पूरे विश्व में लेकर जाऊंगा।'
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की यह पहल तेलंगाना को भारत का सबसे तेज़ी से विकसित होने वाला राज्य बनाने की दिशा में उठाया गया एक बड़ा कदम मानी जा रही है। 'तेलंगाना राइजिंग 2047 विजन' का उद्देश्य राज्य को न सिर्फ आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है, बल्कि हैदराबाद को दुनिया के सबसे बेहतरीन और टिकाऊ शहरों में शुमार कराना भी है।
रेवंत रेड्डी का पोस्ट
रेवंत रेड्डी ने हाल ही में अपने एक्स पोस्ट में लिखा था कि राज्य सरकार ने एल एंड टी मेट्रो प्रोजेक्ट में हिस्सेदारी लेकर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। इससे न सिर्फ शहर में मेट्रो का विस्तार होगा बल्कि लोगों को मिलेगी विश्वस्तरीय अर्बन ट्रांसपोर्ट सुविधा।
यह खबर भी पढ़ें: 'मास जथारा' को फैंस ने बताया ब्लॉकबस्टर, जमकर कर रहे रवि तेजा के अभिनय की तारीफ
उन्होंने यह भी कहा कि जल संरक्षण और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए सरकार वॉटर ग्रिड प्रोजेक्ट पर काम कर रही है, जिससे हैदराबाद को भारत का पहला “क्लाइमेट-रेजिलिएंट सिटी” बनाने की योजना है। इसके तहत नदी मूसी का पुनर्जीवन, झीलों की सफाई और नालों की रिकवरी जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
सीएम ने बताया प्लान
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने बताया कि तेलंगाना में अब भारत फ्यूचर सिटी नामक एक नया प्रोजेक्ट भी आकार ले रहा है, जिसे देश का सबसे उन्नत और भविष्यवादी शहरी केंद्र बनाया जाएगा। साथ ही, रीजनल रिंग रोड, रीजनल रेल, बुलेट ट्रेन नेटवर्क और मैन्युफैक्चरिंग जोन जैसी योजनाएं तेलंगाना को भारत के सबसे बड़े औद्योगिक केंद्रों में बदल देंगी। रेवंत रेड्डी का विजन 2047 तक तेलंगाना को 3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का है, जबकि 2034 तक इसका पहला लक्ष्य 1 ट्रिलियन डॉलर का रखा गया है।
सलमान खान का करियर वर्कफ्रंट
बता दें फिलहाल सलमान खान अपनी आने वाली फिल्म बैटल ऑफ गलवां की शूटिंग में बिजी हैं। इसके अलावा वो टीवी शो 'बिग बॉस 19' को भी वो होस्ट कर रहे हैं।