बॉलीवुड के नवाब सैफ अली खान अपने अंदाज, अभिनय और बेबाक बयानों के लिए हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही में वो ‘टू मच विद काजोल एंड ट्विंकल’ शो में पहुंचे, जहां उनके साथ अक्षय कुमार भी मौजूद थे। इस एपिसोड में सैफ ने अपने जीवन के कई दिलचस्प किस्से साझा किए। अपनी पहली शादी से लेकर शूटिंग और टूर से जुड़े मजेदार अनुभवों को सैफ ने बताया।
अमृता सिंह संग रिश्ते पर सैफ की ईमानदार बात
शो के दौरान जब बात उनकी पहली पत्नी अमृता सिंह पर आई, तो सैफ ने बिना किसी झिझक अपने दिल की बात कही। उन्होंने बताया कि वो सिर्फ 21 साल के थे जब उन्होंने 33 वर्षीय अमृता से शादी की थी। दोनों ने 1991 में शादी की और दो बच्चे हुए- सारा अली खान और इब्राहिम अली खान । हालांकि रिश्ता 2004 में तलाक के साथ खत्म हुआ, लेकिन सैफ आज भी अमृता के योगदान को बेहद अहम मानते हैं। सैफ ने कहा कि अमृता ने उनके जीवन के कठिन दौर में बहुत साथ दिया था। उन्होंने कहा, 'चीजें भले ही हमारे बीच नहीं चलीं, लेकिन उन्होंने मेरे जीवन को आकार देने में बड़ी भूमिका निभाई।' उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी जोड़ा कि आज भी दोनों के बीच बातचीत होती है, खासकर तब जब वो अस्पताल में भर्ती होते हैं।
यह खबर भी पढ़ें:
गौहर खान के इंटीमेट सीन से ससुर इस्माइल दरबार को परेशानी? अभिनेत्री ने क्रिप्टिक पोस्ट साझा कर दिया रिएक्शन
यश चोपड़ा के साथ पहली शूटिंग का किस्सा
सैफ ने अपने शुरुआती करियर का एक मजेदार किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि जब वो पहली बार निर्देशक यश चोपड़ा के साथ शूटिंग कर रहे थे, तो वह बेहद नर्वस थे। यश जी ने उन्हें डायलॉग समझाया- 'प्रताप आ गया है।' सैफ ने बताया कि यश जी थोड़ा हकलाकर बोल रहे थे, तो उन्होंने सोचा कि डायलॉग भी ऐसे ही बोलना है। उन्होंने कहा- 'मैंने भी वैसा ही किया- प..प..प्रताप आ गया है। इसके बाद पूरा सेट हंस पड़ा और यश चोपड़ा ने तुरंत कहा, 'तू हकलाकर क्यों बोल रहा है!'
'ऑसम फॉरसम' का मजेदार किस्सा
इसके अलावा शो के दौरान अक्षय ने एक टूर का मजेदार किस्सा भी बताया। उन्होंने बताया कि एक बार वो, सैफ, जूही चावला, शाहरुख खान और काजोल के साथ एक इंटरनेशनल टूर पर गए थे, जिसका नाम था 'ऑसम फॉरसम'। इस टूर के दौरान मशहूर पॉप सिंगर मडोना भी मौजूद थीं। अक्षय कुमार ने बताया कि सभी ने बेहतरीन परफॉर्मेंस दी लेकिन जब बारी सैफ की आई तो उन्होंने मडोना को देखते हुए गाना गाया- 'तुम मुझे वर्जिन लगती हो' और इस दौरान मडोना अपने पति और बच्चों के साथ वहीं बैठी थीं। इस पर सब हंस पड़े, लेकिन अक्षय ने जोड़ा कि मडोना असहज होकर शो बीच में ही छोड़कर चली गईं। अक्षय ने हंसते हुए कहा, 'उसके बाद हमारे शो में कोई हॉलीवुड स्टार नहीं आया।'
काजोल के बाथरूम में नहाए थे सैफ
इसके अलावा एक और मजेदार किस्सा सैफ ने बताया। काजोल और सैफ एक ही बिल्डिंग में रहते थे। एक दिन सैफ के घर के बाथरूम में पानी नहीं आ रहा तो उन्होंने सीधे काजोल के घर जाकर नहाने की अनुमति मांगी। सैफ बोले, 'वो समय ऐसा था जब हम सब एक परिवार जैसे थे। काजोल ने बिना झिझक कहा- हां, नहा लो। बाथरूम खाली है!' काजोल ने इस पर ठहाका लगाते हुए कहा कि उन्हें आज भी वो दिन याद है जब सैफ बाथरूम से गाते हुए निकले थे।
सैफ ने करीना से की दूसरी शादी
सैफ अली खान ने 2012 में करीना कपूर से शादी की और अब दो बेटों तैमूर (9) और जहांगीर (4) के पिता हैं। वहीं सारा और इब्राहिम अपने पिता और करीना के साथ बेहद अच्छा रिश्ता साझा करते हैं। परिवार के सभी सदस्य साथ में त्योहार और जन्मदिन मनाते हैं।