डिजिटल सबूतों की पड़ताल कर रही पुलिस
हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि धमकी वास्तव में जीशान अख्तर ने ही दी है या किसी दूसरे व्यक्ति ने उसके नाम का इस्तेमाल किया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस धमकी की प्रामाणिकता और उससे जुड़े डिजिटल सबूतों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल सैफ अली खान की ओर से इस मामले पर कोई सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है।
तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना
- फोटो : सोशल मीडिया
तुषार कपूर और आयुष्मान को भी मिल चुके हैं धमकी भरे मैसेज-क्लिप
- इससे पहले भी बॉलीवुड के कई कलाकारों को धमकी भरे मैसेज और ऑडियो क्लिप मिल चुके हैं।
- हाल ही में अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को धमकी मिलने के मामले ने भी काफी चर्चा बटोरी थी।
- इन मामलों की जांच के दौरान मुंबई पुलिस ने बंगलूरू से 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था।
- पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा करते हुए कलाकारों को डराने और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश की थी।
- हालांकि, शुरुआती जांच में उसके किसी गैंग से जुड़े होने के सबूत नहीं मिले थे।
आईटी इंजीनियर ने दी थी धमकी?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वैभव मिश्रा आईटी इंजीनियर है। पुलिस को शक था कि उसने धमकी देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से आवाज तैयार की थी। उसने ऑनलाइन सर्च के जरिए कलाकारों के संपर्क नंबर जुटाए और फिर उन्हें धमकी भरे मैसेज भेजे। तुषार कपूर को भेजे गए एक ऑडियो मैसेज में कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये की मांग की गई थी। मैसेज भेजने वाले ने खुद को गैंगस्टर हैरी बॉक्सर बताया था, लेकिन पुलिस की ओर से वॉयस सैंपल की जांच में यह आवाज हैरी बॉक्सर से मेल नहीं खाई थी।
बीते दिनों अमिताभ बच्चन को भी मिली धमकी
बीते सोमवार को एक गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने ऑनलाइन पोस्ट के जरिए अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को भी जान से मारने की धमकी दी है। एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गैंगस्टर ने कई बड़े दावे किए। उसका कहना है कि दिल्ली पुलिस ने उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। इसके बावजूद मुंबई में अभिनेता को निशाना बनाने के लिए बुनी उसकी साजिश पर कोई असर नहीं पड़ा है।
बता दें कि बिग बी को यह धमकी ऐसे समय में मिली है, जब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो कथित शूटर्स को गिरफ्तार किया। जांचकर्ताओं को शक है कि ये लोग मुंबई में अमिताभ बच्चन के घर 'जलसा' के बाहर गोलीबारी करने की साजिश में शामिल थे।