साउथ सुपरस्टार ऋषभ शेट्टी की मच अवेटेड फिल्म ‘कंतारा ए लीजेंड चैप्टर 1’ का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह फिल्म 2022 में ‘कंतारा’ का अगला पार्ट है। अब मेकर्स ने कंतारा चैप्टर 1 से जुड़ी एक बड़ी अपडेट साझा की है। जिसके बाद दर्शकों का फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।
फिल्म की मेकिंग का वीडियो किया शेयर
दरअसल, मेकर्स ने ‘कंतारा ए लीजेंड चैप्टर 1’ से जुड़ा एक खास वीडियो साझा किया है। इसके साथ ही मेकर्स ने ये जानकारी दी है कि ‘कंतारा ए लीजेंड चैप्टर 1’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है। साथ ही मेकर्स ने फिल्म की मेकिंग से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में फिल्म की मेकिंग की झलक दिख रही है। साथ ही ऋषभ शेट्टी का एक संदेश भी है।
तलवारबाजी और धनुष-बाण चलाते दिखे ऋषभ
मेकर्स की ओर से शेयर किए गए इस वीडियो में फिल्म की मेकिंग की पूरी झलक है। जिसमें अलग-अलग सीन को कैसे फिल्माया गया है, ये दिखता है। साथ ही ऋषभ शेट्टी फिल्म के लिए तैयारी करते दिखते हैं। वो कभी तलवारबाजी की प्रेक्टिस कर रहे हैं तो कभी वो अपने एक्शन सीन की तैयारी कर रहे हैं। इसके अलावा फिल्म के आउटडोर और इनडोर शूट के सेट की भी कई झलक दिखती हैं।
तीन साल की मेहनत और 250 दिन की शूटिंग में तैयार हुई कंतारा
इसके साथ ही वीडियो में एक वॉइस ओवर भी है, जो ऋषभ शेट्टी की तरफ से है। इस वॉइस ओवर में ऋषभ इस फिल्म के सफर के बारे में बात करते हैं। वॉइस ओवर में ऋषभ कहते हैं ‘मेरा एक सपना है, अपने गांव की कहानी पूरी दुनिया को बताने का। जिसमें मेरे लोग और हमारा विश्वास है। जब मैंने अपना सपना हकीकत में बदलना चाहा, तो हजारों लोग मेरे साथ खड़े हो गए। तीन साल की कड़ी मेहनत और 250 दिन तक चली शूटिंग। चाहें जितनी कठिनाइयां आईं, लेकिन दैव (भरोसे) ने मेरा साथ नहीं छोड़ा। मेरी क्रू और मेरे निर्माता हमेशा मेरे साथ खड़े रहे। जब मैं इसे देखता हूं तो एक बात का एहसास होता है कि ये सिर्फ एक फिल्म नहीं है, ये एक शक्ति है।’ अंत में सभी का आभार जताते हुए ऋषभ शेट्टी कहते हैं कि कंतारा की इस दुनिया में आप सभी का स्वागत है।