बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन आज अपना 53वां जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर अब रवीना के फैंस के लिए एक गुड न्यूज सामने आई है। रवीना की तमिल सुपरस्टार सूर्या की आगामी फिल्म ‘सूर्या 46’ में एंट्री हो गई है। इस बात की आधिकारिक जानकारी देते हुए मेकर्स ने रवीना का स्वागत किया है और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
मेकर्स ने शेयर की बर्थडे पोस्ट
फिल्म के मेकर्स की ओर से सोशल मीडिया पर रवीना को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही फिल्म में उनका स्वागत किया गया। मेकर्स ने रवीना की एक तस्वीर के साथ हैप्पी बर्थडे लिखा वाला उनका एक पोस्टर शेयर किया। इसके साथ ही कैप्शन में लिखा गया, ‘टीम ‘सूर्या 46’ की ओर से सदाबहार रवीना टंडन को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपको टीम में पाकर बहुत खुशी हुई और आगे के शानदार सफर का बेसब्री से इंतजार है।’
जून में सूर्या ने शुरू की थी फिल्म की शूटिंग
इससे पहले जून में प्रोडक्शन हाउस ने शूटिंग शुरू होने के मौके पर सूर्या का एक सेमी-फॉर्मल लुक वाला पोस्टर शेयर किया था। कैप्शन में लिखा था, ‘उत्सव, भावना और मनोरंजन की ओर पहला कदम। 'सूर्या 46' की शूटिंग शुरू।’ इसके बाद से ही फैंस इस फिल्म के लिए उत्सुक हैं।
वेंकी अटलुरी कर रहे निर्देशन
नागा वामसी द्वारा सिथारा एंटरटेनमेंट्स के तहत निर्मित इस फिल्म का निर्देशन वेंकी अटलुरी ने किया है। फिलहाल फिल्म का नाम 'सूर्या 46' बताया जा रहा है। इसमें राधिका सरथकुमार और ममिथा बैजू भी हैं। अब फिल्म में रवीना टंडन की एंट्री से बॉलीवुड फैंस भी इस फिल्म के लिए उत्साहित हैं।