रणबीर कपूर और विक्की कौशल
- फोटो : सोशल मीडिया
एक्टिंग में रणबीर से आठ साल जूनियर हैं विक्की
रणबीर कपूर ने अपने करियर की शुरुआत साल 2007 में आई फिल्म ‘सांवरिया’ से की थी। इस फिल्म का निर्देशन भी संजय लीला भंसाली ने ही किया था। हालांकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई थी। लेकिन रणबीर को बेस्ट डेब्यू एक्टर का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला था।
जबकि विक्की कौशल ने बतौर अभिनेता इंडस्ट्री में कदम साल 2015 में आई फिल्म ‘मसान’ से रखा। इस छोटे बजट की फिल्म को काफी सराहा गया और अब इसे हिंदी सिनेमा की कल्ट फिल्मों में गिना जाता है। विक्की को फिल्म के लिए बेस्ट डेब्यू का आईफा अवॉर्ड भी मिला था।
रणबीर की 21 में से 12 फिल्में हैं हिट
रणबीर कपूर अपने करियर में अब तक कुल 21 फिल्में बतौर अभिनेता कर चुके हैं। रणबीर ने 21 फिल्मों में 12 हिट फिल्में दी हैं। उनके करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की बात करें तो इस लिस्ट में ‘एनिमल’ टॉप पर है। सैकनिल्क के मुताबिक, ‘एनिमल’ ने वर्ल्डवाइड कुल 915 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है। जबकि सिर्फ भारत में ‘एनिमल’ ने 553.87 करोड़ रुपए की कमाई की। इसके अलावा रणबीर की प्रमुख सफल फिल्मों में ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’, ‘वेकअप सिड’, ‘राजनीति’, ‘रॉकस्टार’, ‘बर्फी’, ‘ये जवानी है दीवानी’, ‘ऐ दिल है मुश्किल’, ‘संजू’, ‘ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन - शिवा’ और ‘तू झूठी मैं मक्कार’ शामिल हैं।
विक्की की 19 में से नौ फिल्में हैं हिट
बात करें विक्की कौशल की तो विक्की ने अपने करियर में अब तक कुल 19 फिल्मों में अभिनय किया है। इनमें ‘संजू’, ‘डंकी’ और ‘आलमोस्ट प्यार विद डीजे मोहब्बत’ में विक्की सपोर्टिंग रोल में नजर आए हैं। उनके करियर की सफल फिल्मों की बात करें तो इसमें 7-8 फिल्में शामिल हैं। जिनमें ‘मसान’, ‘राजी’, ‘संजू’, ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’, ‘सरदार ऊधम’, ‘सैम बहादुर’, ‘डंकी’, ‘बैड न्यूज’ और ‘छावा’ शामिल हैं। विक्की कौशल के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म ‘छावा’ है, जो इसी साल रिलीज हुई थी। सैकनिल्क के मुताबिक, ‘छावा’ ने वर्ल्डवाइड कुल 805.50 करोड़ रुपए की कमाई की है। जबकि सिर्फ भारत में फिल्म का कलेक्शन 599.80 करोड़ रुपए रहा। ‘छावा’ के बाद विक्की कौशल के स्तर में और भी बढ़ोत्तरी हुई है और अब उनकी गिनती इंडस्ट्री के लीडिंग एक्टर्स में होने लगी है।
विक्की कौशल रणबीर कपूर
- फोटो : सोशल मीडिया
रणबीर और विक्की के अवॉर्ड्स
रणबीर कपूर और विक्की कौशल के बीच अवॉर्ड्स की तुलना की जाए तो रणबीर कपूर ने अपने करियर में कुल सात फिल्मफेयर अवॉर्ड जीते हैं। ये सभी बेस्ट एक्टर या बेस्ट एक्टर क्रिटिक्स की कैटेगरी में हैं। जबकि विक्की कौशल ने अपने करियर में अभी तक कुल तीन फिल्मफेयर अवॉर्ड जीते हैं। इनमें 2 (संजू और डंकी) बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर के लिए, जबकि 1 (सरदार ऊधम) के लिए बेस्ट एक्टर क्रिटिक्स का अवॉर्ड शामिल है। हालांकि, विक्की कौशल ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड भी जीत चुके हैं। जबकि रणबीर कपूर के खाते में अब तक कोई नेशनल अवॉर्ड शामिल नहीं है।