नमित मल्होत्रा की फिल्म 'रामायण' 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। हालांकि, रिलीज से पहले ही अब इस फिल्म को लेकर काफी चर्चा और विवाद हो रहे हैं। कुछ लोगों ने वीएफएक्स और कलाकारों के कॉस्ट्यूम पर सवाल उठाए, तो कुछ गानों की आलोचना कर रहे हैं।
विज्ञापन
अब ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान ने फिल्म के गानों को लेकर हो रही ट्रोलिंग पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि वह लोगों की आलोचनाओं पर ध्यान देने के बजाय अपने काम पर फोकस करना क्यों पसंद करते हैं।
Trending Videos
एआर रहमान
- फोटो : इंस्टाग्राम
क्या बोले एआर रहमान?
हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में एआर रहमान ने कहा, 'हम अपने काम पर बहुत मेहनत करते हैं, कई बार सोचते हैं, बदलते हैं और उसे बेहतर बनाते हैं। ऐसे में उसके बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं देखने की एनर्जी ही नहीं बचती। हम अपना काम रिलीज कर देते हैं, क्योंकि उससे पहले उसे कई बार परखा जा चुका होता है।
मेरा बेटा कई बार मुझे बताता है कि कल लोग क्या कह रहे थे और अब वही लोग माफी मांग रहे हैं। मैं उससे कहता हूं कि ठीक है, मैंने अपना काम पूरी ईमानदारी से किया है और उम्मीद करता हूं कि लोग भी इसे पसंद करेंगे।'
फिल्म 'रामायण' में यश
- फोटो : सोशल मीडिया
'रावण तांडव' गाने पर भी हुई थी ट्रोलिंग
पहले फिल्म के गाने 'रावण तांडव' के संगीत की लोगों ने आलोचना की थी। हालांकि, रहमान का कहना है कि उन्होंने समय के साथ यह सीख लिया है कि लोगों की प्रतिक्रियाओं को अपने काम पर हावी नहीं होने देना चाहिए। रहमान ने कहा, 'पहले 10 साल के बाद लोग मुझसे कहते थे कि आपको वैसा ही संगीत बनाना चाहिए, जैसा आपने शुरुआती 10 वर्षों में बनाया था। लेकिन मैं 'रॉकस्टार' या 'स्लमडॉग मिलियनेयर' जैसी अपनी पुरानी सफलताओं के सहारे नहीं रह सकता। आप खुद को एक जगह रोककर नहीं रख सकते। आपको बहती नदी की तरह आगे बढ़ते रहना चाहिए।'
उन्होंने आगे कहा, 'अब 'रामायण' आई है और इसके गाने पांच अलग-अलग भाषाओं में हैं। यह एक ऐसी महान कहानी है, जिसे लगभग हर भारतीय जानता है। इस फिल्म के लिए गाने बनाना और भारत के साथ-साथ पूरी दुनिया में इस उत्सव का हिस्सा बनना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है।'
'मंगल रंग' गाने को लेकर भी उठे सवाल
'रामायण' के दूसरे गाने 'मंगल रंग' को लेकर भी सोशल मीडिया पर बहस देखने को मिली। कुछ लोगों का कहना था कि इस गाने के संगीत पर कव्वाली का असर दिखाई देता है। ऐसे में उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इस तरह का संगीत हिंदू महाकाव्य रामायण पर आधारित फिल्म के लिए सही है। हालांकि, फिल्म के निर्माताओं ने अभी तक इस आलोचना पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
वहीं, आलोचनाओं के बावजूद फिल्म के गानों को यूट्यूब पर काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। 'मंगल रंग' को एक दिन में 1 करोड़ 90 लाख व्यूज मिले, जबकि 'रावण तांडव' को 2 करोड़ 10 लाख बार देखा गया।