मनोरंजन जगत में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरहान अवात्रामणि उर्फ ओरी का नाम हमेशा किसी न किसी विवाद से जुड़ा रहता है। कभी अपने अजीबो-गरीब फोटो पोज को लेकर, तो कभी बेतुके बयानों की वजह से। लेकिन इस बार मामला थोड़ा गंभीर हो गया, जब ‘बिग बॉस 15’ फेम राजीव अदातिया ने ओरी को खुलकर लताड़ लगाई। राजीव ने न सिर्फ ओरी के विवादित रवैये पर निशाना साधा, बल्कि उन्हें लता मंगेशकर और फाल्गुनी पाठक जैसी दिग्गज हस्तियों का अपमान करने पर करारा जवाब भी दिया। क्या है पूरा मामला, चलिए आपको बताते हैं।
राजीव ने ओरी पर साधा निशाना
राजीव ने सोशल मीडिया पर अपने बयान में लिखा कि उन्हें आमतौर पर ऐसे लोगों से कोई मतलब नहीं होता, लेकिन इस बार बोलना जरूरी था। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में कुछ लोग ऐसे व्यवहार को बढ़ावा देते हैं और इसे ‘कूल’ मानते हैं, जबकि हकीकत में लोग उनके साथ नहीं, बल्कि उन पर हंस रहे होते हैं। राजीव के मुताबिक, अगर इंडस्ट्री के बड़े सितारे ऐसे लोगों के आगे झुकना बंद कर दें, तो माहौल खुद बेहतर हो जाएगा। उन्होंने अपने बयान में तंज कसते हुए कहा- 'जो खुद को बहुत बड़ा समझते हैं, असल में वही सबसे छोटे साबित होते हैं।'
यह खबर भी पढ़ें: अभिनेता राम चरण ने पत्नी उपासना संग पीएम मोदी से की मुलाकात, शेयर की तस्वीरें; बोले- ‘सम्मानित महसूस कर रहा’
इससे पहले भी ओरी पर भड़के थे राजीव
राजीव अदातिया इससे पहले भी ओरी पर निशाना साध चुके हैं। उन्होंने अपने पिछले बयान में उन्हें बेवकूफ करार देते हुए कहा था कि ओरी को मेहनत और ईमानदारी का मतलब नहीं पता। राजीव ने लिखा था कि 'किसी के सीने पर हाथ रखकर फोटो खिंचवाने से कोई इंसान फेमस नहीं बन जाता। असली पहचान इंसान के संस्कार, चरित्र और मूल्यों से होती है, जो शायद ओरी के पास नहीं हैं।'
उन्होंने आगे कहा था कि ओरी को यह सोचकर भी शर्म आनी चाहिए कि उन्होंने लता मंगेशकर और फाल्गुनी पाठक जैसी हस्तियों पर अपमानजनक टिप्पणी की। उन्होंने लिखा- 'ऐसे लोगों को तवज्जो देना बंद कीजिए, वरना आने वाली पीढ़ी इसी को ग्लैमर समझेगी।'
ओरी ने क्या कहा था?
दरअसल ओरी ने एक कार्यक्रम के दौरान
लता मंगेशकर और
फाल्गुनी पाठक के बारे में विवादित टिप्पणियां की थीं। उन्होंने लता मंगेशकर को 'लता मंगेशवरी' कहकर मजाक में संबोधित किया और साथ ही फाल्गुनी पाठक को फाल्गुनी पीकॉक कहा।
कौन हैं राजीव अदातिया?
राजीव अदातिया मूल रूप से लंदन के बिजनेसमैन हैं। वो बिग बॉस 15 और ‘खतरों के खिलाड़ी 12’ जैसे रियलिटी शोज में नजर आ चुके हैं। अब वो भारतीय टीवी इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और अक्सर अपने स्पष्ट विचारों के लिए चर्चा में रहते हैं।