रजनीकांत भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता हैं। उनके प्रशंसक उन्हें प्यार से थलाइवा कहते हैं। ऐसे में हर कोई अपने थलाइवा की एक झलक देखने और उनके साथ फोटो खिंचाने या ऑटोग्राफ लेने के लिए बेताब रहता है। एक फैंस की ये ख्वाहिश पूरी हुई और अब उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इस फैन के लिए रजनीकांत का ऑटोग्राफ मिलना, वो भी उसके बनाए स्कैच पर ही, ये किसी सपने के पूरे होने से कम नहीं है।
प्रशंसक ने बताया पूरा सफर
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है। इसमें एक प्रशंसक के रजनीकांत को देखने, उनसे मिलने और उसके बाद उनका स्कैच बनाने और उसी स्कैच पर उनका ऑटोग्राफ लेने की जर्नी दिखती है। वीडियो स्टेटमेंट में फैन कहता है, ‘फ्लाइट में देरी हुई। किसी तरह बोर्डिंग में कामयाब रहा। एक को छोड़कर सभी सीटें भर गईं। और वह अंदर आए रजनीकांत सर। अभी भी अपनी आंखों पर यकीन नहीं हो रहा था। हाथ कांप रहे थे, लेकिन स्केचिंग शुरू कर दी। पास जाने की कोशिश की, लेकिन वह सो रहे थे। उम्मीद धीरे-धीरे खत्म हो रही थी। उनके पीछे भागा, लेकिन वह लाउंज में चले गए। मैंने इंतजार किया और हर संभव कोशिश की, लेकिन कुछ भी काम नहीं आया। अंत में आखिरकार उनका ऑटोग्राफ मिल गया। मैं खुश हूं। कांपते हाथों से उनका स्केच बनाने से लेकर मुस्कुराते हुए उनका ऑटोग्राफ लेने तक। एक सपना जिसे मैं कभी नहीं भूलूंगा।’
लोग कर रहे तारीफ
इस फैन का अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल है। लोग इस वीडियो पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोग जहां इसे एक प्रेरणा बता रहे हैं और इससे प्रभावित होने की बात कह रहे हैं। तो वहीं कई लोग प्रशंसक के टैलेंट की तारीफ कर रहे हैं।
IFFI में रजनीकांत को मिला सम्मान
रजनीकांत को हाल ही में गोवा में हुए 56वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) इंडस्ट्री में पांच दशकों के योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। अवॉर्ड लेने के बाद अपनी स्पीच में रजनीकांत ने अपने पांच दशक के करियर को बहुत छोटा बताया। उन्होंने यह भी कहा कि अगर 100 और जन्म होते तो वह एक अभिनेता और रजनीकांत के रूप में जन्म लेना पसंद करते।