साउथ सिनेमा के महानायक रजनीकांत आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं और पूरे देश समेत अंतरराष्ट्रीय फैनबेस इस खास दिन को किसी त्योहार की तरह सेलिब्रेट कर रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 'हैप्पी बर्थडे रजनीकांत' ट्रेंड कर रहा है। वहीं रजनीकांत के दामाद रहे धनुष ने भी इस खास दिन पर उन्हें प्यारा-सा बर्थडे विश भेजा है।
पीएम मोदी ने भी किया विश
वहीं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रजनीकांत को जन्मदिन की बधाई दी है। पीएम मोदी ने रजनीकांत के लिए एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा- 'रजनीकांत जी को उनके 75वें जन्मदिन के विशेष अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। उनके परफॉर्मेंस ने पीढ़ियों को मंत्रमुग्ध किया है और उन्हें अपार सराहना दिलाई है। उनका फिल्मी सफर विविध भूमिकाओं और शैलियों से भरा है, जिसने हमेशा नए मानक स्थापित किए हैं। यह वर्ष और भी खास रहा क्योंकि उन्होंने फिल्म जगत में अपने 50 वर्ष पूरे किए हैं।'
धनुष ने रजनीकांत को दी बधाई
धनुष ने अपने एक्स अकाउंट पर भावनाओं से भरा संदेश लिखा। धनुष ने अपने पसंदीदा अभिनेता को बधाई देते हुए लिखा- जन्मदिन मुबारक हो थलाइवा।
कमल हासन- मोहनलाल ने भी दी बधाई
अभिनेता रजनीकांत के जन्मदिन के मौके पर अभिनेता मोहनलाल और कमल हासन ने भी विश किया है।
एमके स्टालिन ने भी दी बधाई
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी रजनीकांत को जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होंने लिखा- 'छह साल की उम्र से लेकर साठ तक—पिछले पचास वर्षों से जो सभी को मोहित करते आए हैं- मेरे मित्र सुपरस्टार रजनीकांत को दिल से जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं।'
कई राजनीतिक हस्तियों ने 'थलाइवा' को किया विश
रजनीकांत को बधाई देने वालों में राजनीति की कई हस्तियां रहीं। इन्हीं में शामिल रहीं दिवंगत सीएम जयललिता की करीबी वीके शशिकला जिन्होंने रजनीकांत के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की।
इसके अलावा कॉमेडियन और एक्टर योगी बाबू ने भी रजनीकांत को बर्थडे विश किया है। इसके अलावा सीबी सत्यराज ने भी रजनीकांत की तस्वीर साझा करते हुए लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखा है।
रजनीकांत के जन्मदिन पर मनाया जा रहा उत्सव
रजनीकांत की लोकप्रियता किसी एक राज्य, देश या भाषा तक सीमित नहीं है। सोशल मीडिया पर उनकी 75वीं सालगिरह को लेकर जो उत्साह दिखा, वह किसी वैश्विक आइकन की लोकप्रियता जैसा है। फिल्मी हस्तियां, राजनेता, खेल जगत की हस्तियां हर ओर से बधाइयों की बाढ़ आ गई है।