फरहान अख्तर की इस साल की मच अवेटेड फिल्म '120 बहादुर' जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इस फिल्म के ट्रेलर को हाल ही में रिलीज किया गया जिसके बाद इसे लेकर फैंस की एक्साइटमेंट पहले ही बढ़ गई है। इसी बीच राजस्थान के शियो विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से फिल्म को टैक्स फ्री करने की अपील की है।
सीएम को MLA ने लिखा पत्र
सीएम भजन लाल शर्मा को एक औपचारिक पत्र लिखते हुए विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने फिल्म को लेकर '120 बहादुर' को प्रदेश में टैक्स फ्री करने की मांग की है। यह वही फिल्म है जो भारतीय सेना के 120 वीर सैनिकों की शौर्यगाथा को बड़े पर्दे पर उतारने जा रही है।'
पत्र में विधायक ने क्या कुछ कहा?
भाटी ने अपने पत्र में लिखा है कि यह फिल्म केवल मनोरंजन नहीं बल्कि देशभक्ति की प्रेरणा है, जो नई पीढ़ी को यह बताने का कार्य करेगी कि हमारे जवानों ने देश की रक्षा के लिए कैसे अपनी जान की बाजी लगाई थी। विधायक ने सीएम से अपील करते हुए कहा- 'राज्य सरकार को इस सार्थक प्रयास का समर्थन करते हुए फिल्म को टैक्स फ्री घोषित करना चाहिए ताकि अधिक से अधिक लोग इसे देख सकें और हमारे सैनिकों की वीरता से परिचित हो सकें।'
उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर भी पत्र शेयर किया और लिखा- 'फिल्म 120 बहादुर परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह भाटी और उनके 120 साथियों के साहस को समर्पित है। ऐसी फिल्मों को टैक्स फ्री कर समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को और प्रबल किया जा सकता है।'
फिल्म '120 बहादुर' की कहानी
यह फिल्म 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान हुई रेजांग ला की ऐतिहासिक लड़ाई पर आधारित है, जहां 13 कुमाऊं रेजीमेंट के 120 भारतीय सैनिकों ने लगभग 3,000 चीनी सैनिकों से मोर्चा लिया था। दुश्मनों की भारी संख्या और कठिन परिस्थितियों के बावजूद भारतीय जवानों ने अडिग हिम्मत और देशभक्ति का परिचय दिया।
यह खबर भी पढ़ें: अंकिता लोखंडे और विक्की जैन ने घर में की देवी मां की पूजा, लिखा- 'प्रार्थना है कि सब खुश और स्वस्थ रहें'
फिल्म में फरहान अख्तर ने मेजर शैतान सिंह का किरदार निभाया है, जिन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर भारतीय सैन्य इतिहास में अमर अध्याय लिखा था। फिल्म के ट्रेलर में फरहान कहते हुए नजर आते हैं- 'हम पीछे नहीं हटेंगे', जो सैनिकों की दृढ़ता और त्याग की भावना को दर्शाती है।
फिल्म का निर्माण और रिलीज
फिल्म का निर्देशन रजनीश रेजी घई ने किया है, जबकि इसे रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर और अमित चंद्रा ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ था, जिसमें दिखाया गया है कि किस तरह भारतीय सैनिकों ने असंभव हालात में भी हौसले की मिसाल कायम की।
कब रिलीज होगी फिल्म?
'120 बहादुर' 21 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म में फरहान अख्तर के अलावा अभिनेत्री राशी खन्ना भी नजर आ रही हैं। इसके अलाला फिल्म को नेरेट किया है अमिताभ बच्चन ने। ट्रेलर में उनकी भी आवाज सुनने को मिलती है।