1000 लोग रोज आ रहे फिल्म देखने
इस कार्यक्रम की शुरुआत सुकुमार निर्देशित फिल्म की शानदार सफलता का जश्न मनाने के लिए एक विशेष प्रोमो के साथ हुई। आइकॉन स्टार अल्लू अर्जुन मंच पर शानदार अंदाज में पहुंचे। पुष्पा 2 के मेकर्स द्वारा दिल्ली में आयोजित थैंक्यू प्रेस मीट में अल्लू अर्जुन भी मौजूद थे। इस मौके पर सीनियर एग्जिबिटर शशांक रजहाड़ा ने बताया कि पुष्पा 2 के हर शो में रोजाना करीबन 1000 लोग फिल्म देखने आ रहे हैं। ऐसा क्रेज आरजू और जंगली जैसी फिल्मों के दौरान देखने को मिलता था।
निर्माता नवीन ने की अल्लू अर्जुन की तारीफ
वहीं, फिल्म के निर्माता नवीन ने अल्लू अर्जुन की स्टार पावर की तारीफ की और अभिनेता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें देश भर के वितरकों से पुष्पा 2 के लिए शानदार प्रतिक्रिया मिली है और वे वैश्विक स्तर पर 2000 करोड़ रुपये का आंकड़ा छूने का लक्ष्य रखते हैं।
फैंस के बीच पुष्पा 2 का क्रेज
आगरा के एग्जिबिटर निमित ने कहा कि कल तक हमारे सभी 28 शोज हाउसफुल थे और दिन भर में सिंगल स्क्रीन पर करीब 3500 लोग फिल्म देखने पहुंच रहे हैं। साथ ही दिल्ली के एग्जिबिटर संजय ने कहा कि इतनी ज्यादा सर्दी होने के बावजूद सुबह 8 बजे से पहले की सभी शोज भी हाउसफुल हैं। वहीं, यूपी के एग्जिबिटर आशुतोष अग्रवाल ने कहा कि मैंने अब तक किसी भी फिल्म का इतना जबरदस्त कलेक्शन नहीं देखा।
अल्लू अर्जुन ने फैंस का जताया आभार
फिल्म के निर्माताओं ने खुलासा किया कि अल्लू अर्जुन ने पुष्पा 2 की शूटिंग के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दिया, खासकर एक्शन सीक्वेंस के लिए, जिसे उन्होंने लगातार 100 दिनों तक शूट किया। उन्होंने यह भी बताया कि कैसे अल्लू अर्जुन शूटिंग के दौरान दिन में तीन घंटे से ज्यादा नहीं सोए। इसके साथ ही अल्लू अर्जुन ने भी मंच से अपनी प्रशंसकों का आभार जताया और उनके साथ बातचीत की। साथ ही उन्होंने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को भी धन्यवाद कहा।