मृगदीप लांबा के शेड्यूल पर टिकी है फिल्म की शुरुआत
अमर उजाला से बातचीत में पुलकित ने मजेदार अंदाज में कहा, 'फिलम 'फुकरे 4' के बारे में सही अपडेट तो आपको इसके राइटर मृगदीप लांबा से ही मिलेगा। अभी वो अपनी नई फिल्म नागजिला में काफी व्यस्त हैं, जो नागों की दुनिया पर आधारित है। जैसे ही वो इस प्रोजेक्ट को खत्म करेंगे, हम सब तैयार बैठे हैं'। पुलकित ने हंसते हुए आगे कहा, 'सच कहूं तो हम लोग उन्हें कमरे में बंद करके ताला लगा देंगे और चाबी फेंक देंगे, ताकि वो सिर्फ फुकरे 4 पर काम करें'।
दर्शकों को करना होगा इंतजार
बता दें कि मृगदीप लांबा फुकरे के राइटर हैं, जिन्होंने इस फ्रैंचाइजी की कहानी और इसकी खास कॉमिक स्टाइल को गढ़ा है। पुलकित के इस बयान से साफ है कि 'फुकरे 4' को लेकर टीम उत्साहित है, लेकिन फिलहाल थोड़ा इंतजार करना होगा। 'फुकरे' फ्रैंचाइजी की शुरुआत 2013 में हुई थी, जिसमें चार दोस्तों हन्नी, चूचा, लाली और जफर की मस्ती भरी कहानी दिखाई गई। इस फिल्म में पुलकित सम्राट, वरुण शर्मा, अली फजल और मनजोत सिंह ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं। ऋचा चड्ढा ने भोली पंजाबन के किरदार से खास पहचान बनाई।
कॉमेडी और किरदारों ने बनाया फ्रैंचाइजी को हिट
इसके बाद 'फुकरे रिटर्न्स' (2017) और 'फुकरे 3' (2023) में भी यही स्टारकास्ट नजर आई और ऑडियंस को खूब एंटरटेन किया। खासकर चूचा का किरदार, जिसे वरुण शर्मा ने निभाया, आज भी फ्रेंचाइजी की जान माना जाता है। हाल ही में पुलकित की वेब सीरीज 'ग्लोरी' रिलीज हुई है, जिसमें वह एक बॉक्सर के किरदार में नजर आ रहे हैं।