बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा को उनके बेहतरीन अभिनय के साथ ही खूबसूरती के लिए भी जाना जाता है। 'दिल से', 'कल हो ना हो' और 'वीर जारा' जैसी तमाम फिल्मों में प्रीति ने अपने बेहतरीन अभिनय से सभी के दिलों में खास जगह बना रखी है। प्रीति अब 6 सालों बाद फिल्मों में वापसी करने जा रही हैं। प्रीति अभिनेता सनी देओल के साथ फिल्म 'लाहौर 1947' में नजर आएंगी। फिल्मों में अपनी अलग तरह की भूमिकाओं के लिए मशहूर प्रीति काफी लंबे समय से सिल्वर स्क्रीन से दूर रही हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान प्रीति ने अपने 6 साल के लंबे ब्रेक के बारे में बात की और बताया कि आखिर वह क्यों इतने सालों तक बॉलीवुड से दूर थीं।
क्यों थीं इतने सालों से फिल्मों से दूर
प्रीति जल्द ही सनी देओल के साथ फिल्म 'लाहौर 1947' में नजर आएंगी। इस फिल्म में प्रीति की वापसी से उनके फैंस भी बेहद खुश हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान प्रीति जिंटा ने कहा, ''मैं फिल्म नहीं करना चाहती थी। मैं अपने व्यवसाय पर ध्यान दे रही थी। साथ ही मैं अपने निजी जीवन पर पूरा ध्यान देना चाहती थी। लोग भूल जाते हैं कि महिलाओं के लिए, एक अभिनेत्री के तौर पर, आपका शिल्प महत्वपूर्ण होता है, लेकिन आपके पास एक जैविक घड़ी है। मैंने इंडस्ट्री में कभी किसी को भी डेट नहीं किया। मैंने कभी किसी अभिनेता को भी डेट नहीं किया। इसलिए सही मायने में मुझे अपना परिवार भी चाहिए था। हर तरह से जिंदगी जीना काफी अच्छा है, लेकिन इस बीच आपको अपना जीवन जीना नहीं भूलना चाहिए। इसलिए मुझे बच्चे चाहिए थे। व्यवसाय भी बहुत रोमांचकारी था क्योंकि यह मेरे लिए कुछ नया था, लेकिन सबसे बढ़कर, मैं अपने निजी जीवन पर ध्यान देना चाहती थी। मैं सिर्फ एक अभिनेत्री और अकेली महिला बनकर नहीं रहना चाहती थी''
निजी जीवन को लेकर प्रीति की राय
प्रीति ने यह भी कहा कि वह पिछले 6 सालों से फिल्मों की स्क्रिप्ट पढ़ रही थीं, लेकिन इस बीच उन्हें ऐसी कोई भी रोमांचक स्क्रिप्ट नहीं मिल रही थी, जिसपर वह काम कर सकें। इस साल अप्रैल में प्रीति ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर फिल्म 'लाहौर 1947' को लेकर एक पोस्ट साझा किया था। प्रीति ने एक तस्वीर के साथ लिखा "लाहौर 1947 के लिए सेट पर नई फिल्म और शूटिंग।''
लाहौर 1947
'लाहौर 1947' का निर्माण आमिर खान कर रहे हैं। प्रीति जिंटा और सनी देओल ने इससे पहले फिल्म 'हीरो: लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई' और फर्ज जैसी कई फिल्मों में साथ काम किया है। सनी देओल ने पिछले साल 'गदर 2' से पूरा बॉक्स ऑफिस हिला दिया था। यह फिल्म सुपर-डुपर ब्लॉकबस्टर साबित हुई। अब सनी और प्रीति के फैंस चाहते हैं कि उनकी फिल्म 'लाहौर 1947' भी सुपरहिट हो जाए।
Naga Chaitanya: सामंथा के साथ लव-मेकिंग सीन को देख शरमाए नागा चैतन्य, फैंस से चुप रहने को कहा, वीडियो वायरल