अवतार गिल बोले- 'उन्होंने मेरी बहुत मदद की'
प्रार्थना सभा में एक्टर अवतार गिल भी पहुंचें। उन्होंने दिवंगत एक्टर भरत कपूर के साथ अपनी बॉन्डिंग के बारे में बात की। समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मैं उनके साथ करीब 54 साल तक रहा। उनके साथ मेरा बहुत लंबा जुड़ाव था। हमने फिल्मों, नाटकों और टीवी सीरियलों में साथ काम किया। इस दौरान हमने न सिर्फ एक पेशेवर साझेदारी बनाई, बल्कि एक गहरा निजी रिश्ता भी कायम किया। काम से परे, हम एक-दूसरे की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा थे। मैं अक्सर उनसे मिलने जाता था। वे मेरे दोस्त और बड़े भाई थे। और उन्होंने जिंदगी में मेरी बहुत मदद की। वे मुझे प्रोड्यूसर्स से मिलवाया करते थे'।
रमेश तलवार बोले- 'वे हमारे परिवार का हिस्सा थे'
निर्देशक रमेश तलवार भी प्रार्थना सभा में पहुंचे और भरत कपूर को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने भी भरत कपूर के साथ बिताए अपने सुखद पलों को याद किया। निर्देशक ने कहा, 'वे एक अच्छे अभिनेता और एक अच्छे इंसान थे। हम 60 वर्षों तक साथ रहे। मैंने उनसे बेहतर इंसान कभी नहीं देखा। वह हमारे परिवार का ही एक हिस्सा थे। मैं बेहद दुखी हूं'।
भरत कपूर का करियर
15 अक्तूबर 1945 को जन्मे भरत कपूर ने दो सौ से ज्यादा फिल्मों में काम किया। कई चर्चित सीरियल में उन्होंने दमदार भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने हर तरह के रोल किए। नेगेटिव भूमिकाओं में भी उन्हें पसंद किया गया। मगर, इससे पहले उन्होंने रंगमंच के जरिए अभिनय की बारीकियां सीखीं। भरत कपूर ने 1972 में फिल्म 'जंगल में मगल' से एक्टिंग का सफर शुरू किया था। इसमें वे पुलिस इंस्पेक्टर के रोल में दिखे। वे करीब चार दशक तक सिनेमा जगत में एक्टिव रहे।