अच्छी कहानी को जनता खुद पहुंचा देती है
आज फिल्मों के प्रमोशन पर बड़े बजट खर्च होते हैं। क्या अच्छी कहानी बिना बड़े प्रमोशन के भी दर्शकों तक पहुंच सकती है? इस पर पंकज कहते हैं, 'बिल्कुल पहुंच सकती है। ऑडियंस आजकल अच्छा कंटेंट खोज लेती है। इंटरनेट का एक अच्छा पक्ष यही है कि बिना प्रमोशन के जनता ही प्रमोट कर देती है।
ऐसा नहीं है कि बहुत पैसा लगाकर ही कंटेंट लोगों तक पहुंच सकता है। हमने एक वेब सीरीज प्रोड्यूस की थी, जो यूट्यूब पर आई थी। लोगों ने उसे खोजा और देखा। फिर दूसरे प्लेटफॉर्म ने उसे मांगा और हमने सोनी लिव को दे दिया। अच्छा कंटेंट पहुंच ही जाता है।
अभी उदाहरण के लिए 'हनुमान अंश' फिल्म देखिए। मैंने वह फिल्म नहीं देखी है, लेकिन तीसरे हफ्ते में लोगों को पसंद आई और पब्लिक ने उसकी मार्केटिंग करके उसे ब्लॉकबस्टर बना दिया। मेकर्स तो पहले हफ्ते से प्रमोशन करते हैं, लेकिन तीसरे हफ्ते में पब्लिक ने ही उसे ब्लॉकबस्टर बना दिया। लोगों को जो अच्छा लगता है, वह इंटरनेट के जरिये फैल जाता है। अच्छी चीजें भी फैलती हैं और दुर्भाग्य से नकारात्मक बातें भी फैलती हैं।'
अपनी जिंदगी पर बायोपिक नहीं चाहते पंकज
अगर पंकज की जिंदगी पर बायोपिक बनाने या उनकी आत्मकथा लिखने का प्रस्ताव आए तो क्या वह इसके लिए तैयार होंगे? इस पर वह कहते हैं, 'नहीं, मैं आत्ममुग्ध व्यक्ति नहीं हूं कि मेरे जीवन पर बायोपिक बने। कई लोगों ने मुझे किताब लिखने के ऑफर दिए हैं। लोग कहते हैं कि भाई, आपको किताब लिखनी चाहिए। लेकिन मुझे न किताब लिखनी है और न आत्मकथा लिखनी है।
मुझे लगता है कि यह आत्ममुग्धता की चरम सीमा है कि हम अपने ही ऊपर फिल्म बना लें और अपनी ही कहानी कहने लगें। मुझे ऐसा कुछ करने की जरूरत नहीं लगती।'
फणीश्वरनाथ रेणु की बायोपिक करना चाहते हैं
हालांकि, किसी दूसरे शख्स की बायोपिक करने का मौका मिले तो उनकी पसंद लेखक फणीश्वरनाथ रेणु होंगे। इस बारे में पंकज कहते हैं, 'मैं लेखक फणीश्वरनाथ रेणु की बायोपिक करना चाहूंगा। उनकी जिंदगी और लेखन को करीब से जानना दिलचस्प अनुभव होगा।'
गांव की सुबह अब भी पसंद है
मुंबई की भागदौड़ के बीच गांव जाने पर पंकज वहां की सुबह को सबसे ज्यादा पसंद करते हैं। गांव में समय बिताने के बारे में वह कहते हैं, 'सुबह उठकर खेतों में जाऊंगा और खेतों में सूर्योदय देखूंगा। वैसे मैं ऐसा करता हूं। मुश्किल है, लेकिन गांव जाता हूं और यह करता रहता हूं।'
मिर्जापुर द मूवी में पंकज त्रिपाठी
- फोटो : यूट्यूब
'गैंगस्टर के किरदारों से अब मन भर गया'
अपने किरदारों के चुनाव को लेकर भी पंकज अब पहले से ज्यादा स्पष्ट हैं। क्या अब गैंगस्टर जैसे किरदार करने में उनकी दिलचस्पी नहीं रही? इस पर वह कहते हैं, 'गैंगस्टर टाइप के रोल अब मुझे समझ नहीं आते। बहुत हो गया, अब बहुत हो गया।'