हाल ही में अभिनेता अमित चकलक्कल के आवास पर कस्टम डिपार्टमेंट ने छापा मारा था। उनके यहां से कई लग्जरी कारें जब्त की गईं थीं। इस मामले में अभिनेता ने बुधवार को कहा कि उनके यहां जितनी कारें जब्त की गईं थीं, उनमें से उनकी सिर्फ एक कार थी। जिन कारों को उनकी कार बताया जा रहा है वह दूसरों की हैं।
अमित चकलक्कल की सफाई
केरल के कोच्चि में अभिनेता ने मीडिया को बताया कि उनकी 20 साल पुरानी सेकेंड हैंड लैंड क्रूजर कार ही उनकी एकमात्र गाड़ी है, जिसका वह पिछले पांच साल से इस्तेमाल कर रहे थे। उन्होंने कहा 'मेरे आवास और वर्कशॉप से जब्त की गईं बाकी महंगी कारें दूसरों की थीं, जो उन्हें मरम्मत या नवीनीकरण के लिए मेरे पास लाए थे। मेरे परिसर से जब्त की गईं कुल सात गाड़ियों में से सिर्फ एक ही मेरी थी।'
यह खबर भी पढ़ें: Raj Nidimoru: रूमर्ड बॉयफ्रेंड राज निदिमोरु के साथ नजर आईं सामंथा, वर्कआउट के बाद एक ही कार से निकले दोनों
अमित चकलक्कल
- फोटो : सोशल मीडिया
पहले दिए थे दस्तावेज
उन्होंने यह भी कहा कि कस्टम डिपार्टमेंट ने पिछले साल नवंबर में इन वाहनों के संबंध में उन्हें तलब किया था। उन्होंने उस समय सभी संबंधित दस्तावेज उपलब्ध करा दिए थे। उसके बाद एजेंसी द्वारा कोई दूसरा कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने कहा 'कल वे तलाशी के लिए आए और मैंने उन्हें फिर से सभी दस्तावेज उपलब्ध करा दिए। अब वे दस्तावेजों की जांच करेंगे।'
कई अभिनेताओं के यहां मारे गए छापे
कस्टम प्रिवेंटिव विंग के अधिकारियों ने मंगलवार को केरल में कई स्थानों पर छापे मारे थे, ताकि भूटान से अवैध रूप से भारत लाए गए उच्च-स्तरीय लग्जरी वाहनों का पता लगाया जा सके और उन्हें जब्त किया जा सके।
पृथ्वीराज सुकुमारन, दुलकर सलमान और अमित चकलक्कल के आवासों सहित लगभग 30 स्थानों पर तलाशी ली गई। इस दौरान 36 महंगी लग्जरी कारें जब्त की गईं।