आज दुनिया भर में फ्रेंडशिप डे मनाया जा रहा है। ऐसा दिन जो दोस्ती को डेडिकेट किया जाता है। इसी मौके पर बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अनुपम खेर ने भी सोशल मीडिया पर एक बेहद दिलचस्प और भावुक मैसेज शेयर किया। अपने इस मैसेज में उन्होंने जिंदगी में पैसों से ज्यादा कुछ सच्चे दोस्तों की अहमियत पर जोर दिया। चलिए आपको बताते हैं अनुपम के पोस्ट के बारे में।
अनुपम खेर ने पुराने दोस्तों को किया याद
अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में अनुपम खेर ने लिखा कि जिंदगी में पैसे जमा करने की बजाय उन्होंने कुछ पुराने और सच्चे दोस्त बनाए हैं। यही वजह है कि वो आज भी कामयाबी के साथ एक्टिव हैं और जीवन के हर पड़ाव पर अपने दोस्तों का साथ महसूस करते हैं। उन्होंने इस खास दिन पर सभी को दोस्ती की बधाई देते हुए लिखा, 'मित्रता दिवस की शुभकामनाएं।'
अनुपम की फिल्म 'तन्वी द ग्रेट'
हाल ही में अनुपम खेर की फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ रिलीज हुई, जिसने उन्हें निर्देशक के रूप में भी एक बार फिर स्थापित किया है। ये फिल्म एक युवा लड़की की कहानी कहती है, जो अपने दिवंगत पिता, एक भारतीय सेना अधिकारी की प्रेरणा से सेना में शामिल होने का सपना देखती है। फिल्म को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है और इसे कान, न्यूयॉर्क, लंदन जैसे प्रमुख शहरों में भी प्रदर्शित किया गया। ‘तन्वी द ग्रेट’ में अनुपम खेर के साथ कई दिग्गज कलाकार जैसे बोमन ईरानी, जैकी श्रॉफ, करन टेकर, शुभांगी दत्त और अरविंद स्वामी भी नजर आए हैं। फिल्म के निर्माताओं में एनएफडीसी और अनुपम खेर स्टूडियोज शामिल हैं।
ये खबर भी पढ़ें:
Farah Khan: फराह खान ने रसोइए दिलीप का नाम लेकर फर्जीवाड़ा को लेकर दी चेतावनी, बोलीं- 'हम शिकायत कर रहे हैं'
अनुपम ने लॉन्च की नई किताब
इस फिल्म के साथ ही अनुपम खेर ने कुछ दिन पहले अपनी नई किताब ‘डिफरेंट बट नो लेस’ भी लॉन्च की है। इस किताब के लॉन्चिंग कार्यक्रम में बॉलीवुड के कई दिग्गज कलाकार जैसे महेश भट्ट, बोमन ईरानी, गजराज राव, लेखक अमीश त्रिपाठी और अनुपम खेर की माता जी शामिल हुईं।