ऋषभ शेट्टी की आगामी फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ कल यानी 2 अक्तूबर को दशहरा के मौके पर रिलीज हो रही है। फिल्म रिलीज से पहले ही लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। ऋषभ शेट्टी फिल्म के प्रमोशन में लगे हुए हैं। अब फिल्म का नया गाना ‘रिबेल’ रिलीज हुआ है। इस गाने को पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ ने गाया है। सबसे खास बात ये है कि दिलजीत इस गाने में पर्दे पर नजर भी आए हैं। गाने में दिलजीत और ऋषभ शेट्टी दोनों ढोल बजाते दिखे हैं।
अलग लुक में नजर आए दिलजीत
‘कांतारा चैप्टर 1’ के नए गाने ‘रिबेल’ में दिलजीत दोसांझ सरप्राइज पैकेज हैं। क्योंकि गाने में न सिर्फ उनकी आवाज है, बल्कि दिलजीत स्क्रीन पर भी नजर आए हैं। गाने में दिलजीत सफेद रंग की धोती के साथ पर्पल कलर की बंडी और पगड़ी पहने नजर आए हैं। दिलजीत इस दौरान एक नोज पिन पहने भी दिख रहे हैं। गाने में बाकी अलग-अलग विजुअल्स दिखाए गए हैं। साथ ही दिलजीत भी बड़े ही जोश में डांस करते हैं।‘रिबेल’ एक जोशीला गाना है। गाने के अंत में दिलजीत के साथ ऋषभ शेट्टी भी नजर आते हैं। इसके बाद दोनों ढोल बजाते दिखते हैं।
फैंस गाने का कर रहे थे इंतजार
‘रिबेल’ ‘कांतारा चैप्टर 1’ का दूसरा गाना है। इससे पहले फिल्म का गीत ‘ब्रह्म कलश’ रिलीज हो चुका है। अब फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स ने दूसरा गाना जारी किया है। पहले से ही फिल्म में दिलजीत के गाने को लेकर काफी उत्साह था और फैंस इस गाने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब मेकर्स ने फिल्म की रिलीज से पहले इस गाने को लाकर दर्शकों में फिल्म को लेकर और भी उत्साह भर दिया है।
यह खबर भी पढ़ेंः Kantara Chapter 1: 'कांतारा: चैप्टर 1' के लिए ऋषभ शेट्टी ने वसूली कितनी फीस, बड़े-बड़े एक्टर को छोड़ा पीछे
2 अक्तूबर को रिलीज होगी ‘कांतारा चैप्टर 1’
‘कांतारा चैप्टर 1’ 2 अक्तूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होनी है। ऋषभ शेट्टी द्वारा ही लिखित और निर्देशित इस फिल्म में ऋषभ शेट्टी के अलावा गुलशन देवैया और रुक्मिणी वसंत भी प्रमुख भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म को लेकर काफी बज बना हुआ है और दर्शक इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब देखना ये है कि ‘कांतारा चैप्टर 1’ बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है।