भारतीय सिनेमा की मच अवेटेड फिल्म 'रामायण' का पहला लुक सामने आते ही इंटरनेट पर तहलका मच गया है। रणबीर कपूर और यश के लुक्स ने ना केवल दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया है, बल्कि ये फिल्म साल की सबसे बड़ी चर्चाओं में शुमार हो गई है। निर्माता नमित मल्होत्रा द्वारा साझा की गई पहली झलक ने सोशल मीडिया पर धमाका कर दिया है। फैंस इसे 'भव्य', 'ऐतिहासिक' और 'अब तक की सबसे बड़ी फिल्म' तक करार दे रहे हैं।
निर्माता ने शेयर करते हुए क्या लिखा?
फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने इसे भारत की सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए कहा कि ये सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि हर भारतीय के आत्मसम्मान का प्रतीक है। उन्होंने पहली झलक के वीडियो को शेयर करते हुए लिखा- दृढ़ संकल्प, जो कभी नहीं टूटा। इस युगों-युगों से चली आ रही महागाथा को दुनिया के सामने लाने का। ये नतीजा है उन श्रेष्ठतम वैश्विक प्रतिभाओं के सहयोग का, जिन्होंने ये सुनिश्चित किया कि रामायण को अत्यंत श्रद्धा और सम्मान के साथ प्रस्तुत किया जाए। स्वागत है एक नये प्रारंभ का। आइए, मिलकर उत्सव मनाएं – अमर गाथा का – राम बनाम रावण। हमारी सत्यता। हमारा इतिहास।'
फिल्म के फर्स्ट लुक पर रिएक्शन्स
फिल्म के पहले लुक को देखकर एक यूजर ने लिखा- 'एक मुस्लिम और क्रिश्चियन होने के नाते रामायण के लुक को देखकर- अभिभूत'। वहीं एक और यूजर ने लिखा- रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में इस सदी की सबसे बेहतरीन परफॉर्मेंस देने वाले हैं। इसके अलावा फैंस एआर रहमान और हांस जिमर के म्यूजिक की भी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
रणबीर-यश की मौजूदगी ने खींचा सबका ध्यान
रणबीर कपूर को भगवान राम के किरदार में देखना अपने आप में एक नया अनुभव है। वहीं, यश का रावण अवतार भी उतना ही प्रभावशाली लग रहा है। पहली झलक में उनकी तीव्र आंखें, ताकतवर मुद्रा और विशाल सेट दर्शकों को किसी भव्य अनुभव का आभास करा रहे हैं।
हांस जिमर और ए आर रहमान की तारीफ
इस फिल्म के फर्स्ट लुक को देखने के बाद जर्मनी के म्यूजिक कंपोजर हांस जिमर और एआर रहमान की जमकर तारीफ हो रही है। यूजर्स इन दोनों के साथ आने से काफी खुश नजर आ रहे हैं।
फिल्म 'आदिपुरुष' आई याद
इतना ही नहीं, फिल्म के फर्स्ट लुक को देखने के बाद कई लोगों को तो ओम राउत की फिल्म आदिपुरुष भी याद आ गई, जिसमें एक्टर प्रभास, कृति सेनन और सैफ अली खान नजर आ थे। कुछ यूजर्स ने फिल्म आदिपुरुष का भी जिक्र किया जिसने दर्शकों को बिल्कुल भी इंप्रेस नहीं किया था।
स्टारकास्ट ने बढ़ाई उम्मीदें
फिल्म की स्टारकास्ट बेहद प्रभावशाली है -
रणबीर कपूर: राम
यश: रावण
साई पल्लवी: सीता
सनी देओल: हनुमान
रवि दुबे: लक्ष्मण
दीवाली 2026 में पहला पार्ट होगा रिलीज
बता दें ‘रामायण’ को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। पहला भाग दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा। दूसरी किस्त 2027 में रिलीज होगी। अभी से दर्शक इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।