सुनील शेट्टी ने बोल- 'तबाही देख दिल टूट रहा है'
अभिनेता सुनील शेट्टी ने आज गुरुवार को इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया है। इसके साथ लिखा है, 'नेपाल में हुई तबाही को देखकर दिल टूट रहा है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित परिवारों और वहां दिन-रात काम कर रहे लोगों के साथ हैं। नेपाल के लिए प्रार्थना कर रहा हूं। हिम्मत बनाए रखें'।
पांच दिन पहले गई थीं मानसी पारेख
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री मानसी पारेख ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करके बाढ़ प्रभावितों के प्रति संवेदना जताई हैं। इसी के साथ उन्होंने यह भी बताया कि जिस तिब्बत-नेपाल सीमा क्षेत्र (ग्यिरोंग पोर्ट) में बाढ़ आई है, वे वहां ठीक पांच दिन पहले मौजूद थीं।
मानसी पारेख का कहना है कैलाश मानसरोवर की यात्रा के बाद फिलहाल वे चीन में सुरक्षित हैं और एक होटल में ठहरी हुई हैं। मगर, उन्होंने याद किया कि पांच दिन पहले ही वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में थीं।
दोबारा जाने का प्लान बना रही थीं मानसी
मानसी का कहना है कि उन्होंने दोबारा ग्यिरोंग पोर्ट जाने का प्लान बनाया था, लेकिन अचानक आई बाढ़ के कारण वह इलाका अब पानी में डूब गया है। मानसी ने प्रभावित इलाके का एक वीडियो शेयर करते हुए अपनी हालिया यात्रा को याद किया और लिखा है, 'देखिए क्या हुआ है। हमें कल सुबह यहीं आना था'।
एक और इंस्टाग्राम स्टोरी में, मानसी ने बताया कि कुछ दिन पहले ही इसी जगह पर उनका कितना शानदार स्वागत हुआ था। उन्होंने लिखा, 'सच कहूं तो, पांच दिन पहले ही इसी जगह पर मेरा स्वागत हुआ था। कितने प्यार से और अब यह पूरी जगह पानी में डूबी हुई है'।
अनुपम खेर ने जताई संवेदना
अभिनेता अनुपम खेर ने भी पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने लिखा है, 'मैं नेपाल के लिए प्रार्थना करता हूं। नेपाल में अचानक आई बाढ़ से हुई तबाही से बहुत दुखी और स्तब्ध हूं। लोगों की जान गई है। परिवार उजड़ गए हैं। घर बह गए हैं। बेबस जानवर इस तबाही में फंस गए हैं। यह सोचना ही दिल तोड़ने वाला है कि कैसे कुछ ही पलों में, किसी की अपनी कही जाने वाली हर चीज गायब हो सकती है'।
एक्टर ने आगे लिखा है, 'इन दृश्यों को देखकर मुझे बहुत बेबसी महसूस हो रही है। मेरी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिवारों और प्रभावित लोगों के साथ हैं।
काजल राघवानी बोलीं- 'बप्पा रक्षा करें सभी की'
भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी ने भी पोस्ट शेयर किया है। इसके साथ लिखा है, 'कितना डरावना है यह सब देखकर ही लग रहा। नेपाल के लिए प्रार्थनाएं। ईश्वर सबकी रक्षा करें'।