एक्ट्रेस नीना गुप्ता, जो पंचायत सीरीज में मंजू देवी के किरदार से काफी चर्चित हैं। अभिनेत्री को अपने बेबाक अंदाज के लिए जाना जाता है। हाल ही में एक्ट्रेस ने प्यार, रिश्तों और सांसारिक वस्तुओं (शोशेबाजी) को लेकर अपने विचार प्रकट किए हैं। चलिए जानते हैं उन्होंने इसपर क्या राय दी।
प्यार से ज्यादा तोहफे पसंद करती हैं नीना गुप्ता
अभिनेत्री नीना गुप्ता हाल ही में जूम के साथ बातचीत में शामिल हुईं। इस दौरान उनसे सवाल किया गया कि क्या वह ऐसा पार्टनर पसंद करेंगी जो सरप्राइज प्लान न करे या तोहफे न दे, लेकिन कभी-कभी प्यार जताए। इसके जवाब में एक्ट्रेस ने कहा, ‘मुझे प्यार से ज्यादा तोहफे पसंद हैं। प्यार का क्या मतलब? बकवास। मैं बहुत शोशेबाज (सांसारिक वस्तुओं की तरफ आकर्षित होने वाली) हूं।’
यह खबर भी पढ़ें:
OTT Releases: एक्शन से सस्पेंस और कॉमेडी से रोमांस तक, इस वीकेंड ओटीटी पर आ रहीं ये फिल्में-सीरीज
नीना गुप्ता की दोस्त ने दी ये सलाह
आगे बातचीत में अभिनेत्री ने अपनी दोस्त की बात को याद किया। उन्होंने कहा, ‘एक बार मेरी दोस्त ने मुझसे बहुत अच्छी बात कही थी। मैं इस बात पर बहस कर रही थी, शिकायत कर रही थी कि मेरा पति ऐसा नहीं करता या उसका पति वैसा नहीं करता। तो उसने मुझे समझाया कि तुम्हें अपने पति को बताना चाहिए कि प्यार में संपत्ति, गहने, कपड़े जैसी चीजें शामिल होती हैं। अगर मैं सिर्फ इतना कहूं कि 'मैं तुमसे प्यार करती हूं, मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं' और बस, तो यह काफी नहीं है। तुम्हें भी कुछ करना होगा। कुछ देना होगा, कम से कम मेरे जन्मदिन पर एक साड़ी तो दो।’
एक नजर नीना गुप्ता के करियर पर
नीना गुप्ता ने अपने सिनेमाई करियर में अभी तक कई फिल्में कीं हैं। अभिनेत्री ने कहा था कि उन्हें सबसे बड़ा ब्रेक 'बधाई हो' फिल्म से मिला। इसके अलावा एक्ट्रेस को पंचायत सीरीज ने काफी पहचान दिलाई। वर्तमान में नीना गुप्ता अपनी फिल्म 'मेट्रो इन दिनों' में नजर आ रही हैं, जो आज यानी 4 जुलाई को रिलीज हुई है। इस फिल्म में एक्ट्रेस के साथ आदित्य रॉय कपूर, सारा अली खान, पंकज त्रिपाठी, कोंकणा सेन शर्मा, अनुपम खेर आदि कलाकार हैं।