पहले ही विवादों में चल रही शाहरुख खान की आगामी फिल्म 'जीरो' की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गुरुवार को फिल्म के सेट पर आग लग गई। घटना के समय शाहरुख खान भी सेट पर मौजूद थे। हालांकि, उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना में बिजली के तार, उपकरण, लाइट व शूटिंग का सामान आग की चपेट में आ गया था। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। अभी तक आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है।
बता दें कि शाहरुख खान इस फिल्म में बौने का किरदार निभा रहे हैं। 21 दिसंबर को रिलीज होने वाली इस फिल्म में शाहरुख के साथ अनुष्का शर्मा व कटरीना कैफ भी हैं।