एक दौर था जब टीवी ऑन करते ही सबसे पहले उंगलियां रिमोट पर चैनल एमटीवी को ढूंढती थीं। म्यूजिक सुनना, नए फैशन ट्रेंड देखना, बोल्ड और बिंदास तरह के रिएलिटी शोज देखना- ये सब एमटीवी ने ही सिखाया। अब जब यह खबर सामने आई है कि एमटीवी इंडिया बंद हो गया है, तो 90 के दशक के बच्चों के लिए यह सिर्फ एक चैनल का बंद होना नहीं, बल्कि उनके बचपन और जवानी के एक अहम हिस्से का खत्म होने जैसा है। हालांकि एमटीवी ने अपने म्यूजिक चैनल्स को बंद किया गया। एमटीवी ब्रांड पूरी तरह से खत्म नहीं हो रही है।
भारतीय युवाओं की बदली सोच
एमटीवी ने भारतीय युवाओं की सोच को बदलने में बड़ी भूमिका निभाई। यह महज म्यूजिक चैनल नहीं था, बल्कि एक पूरी संस्कृति थी। इस चैनल ने बताया कि कैसे कपड़े पहनने हैं, कैसे अपनी राय रखनी है और कैसे दुनिया को अलग नजर से देखना है। उस वक्त जब इंटरनेट हर घर तक नहीं पहुंचा था, एमटीवी ने ग्लोबल पॉप कल्चर को भारतीय ड्रॉइंग रूम तक पहुंचाया। माइकल जैक्सन, मैडोना, ब्रिटनी स्पीयर्स, बैकस्ट्रीट बॉयज और एमिनेम जैसे कलाकारों से भारतीय युवा इसी चैनल के जरिए जुड़े।
यह खबर भी पढ़ें: सोनू निगम ने सनी देओल को लगाया गले, एक्टर ने खींची जवानों के साथ सेल्फी; देखें 'बॉर्डर 2' के इवेंट की झलकियां
एमटीवी की लोकप्रियता पर धीरे-धीरे हुआ असर
हाल के दिनों में सोशल मीडिया और गूगल पर एमटीवी के बंद होने को लेकर ट्रेंड करने लगा। इसकी वजह पैरामाउंट ग्लोबल द्वारा दुनियाभर में अपने कई लीनियर टीवी चैनलों का पुनर्गठन और बंद किया जाना बताया जा रहा है। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के बढ़ते प्रभाव ने पारंपरिक म्यूजिक टेलीविजन की प्रासंगिकता को धीरे-धीरे कम कर दिया। भारत में भी एमटीवी काफी पहले शुद्ध म्यूजिक चैनल से हटकर रियलिटी शोज और यूथ फॉर्मेट्स की ओर बढ़ चुका था।
क्या अचानक बंद हुआ एमटीवी?
एमटीवी का गायब होना अचानक नहीं हुआ। यह धीरे-धीरे, खामोशी से हमारी जिंदगी से दूर होता गया। शायद इसी वजह से इसकी विदाई ज्यादा चुभती है। एक समय था जब गाना देखने के लिए इंतजार करना पड़ता था। न कोई रिवाइंड था, न रिप्ले और न ही कोई एल्गोरिदम। पसंदीदा गाना जब टीवी पर आता था, तो काफी खुशी दे जाता था। एक वक्त था जब वीजेस भी किसी सेलिब्रिटी से ज्यादा दोस्त जैसे लगते थे। साइरस ब्रोचा, मिनी माथुर, मारिया गोरेटी, सौफी चौधरी और निखिल चिनप्पा जैसे वीजेस को एमटीवी से बेशुमार पॉपुलेरिटी मिली। युवाओं के बीच ये चेहरे काफी पॉपुलर हो गए।
रोडीज और स्प्लिटस्विला जैसे शोज भी लोकप्रिय
एमटीवी पर रोडीज और स्प्लिटस्विला जैसे शोज भी काफी लोकप्रिय हुए। आज जब एमटीवी भारत में बंद होने जा रहा है, तो असल में हम एक चैनल को नहीं, बल्कि उस दौर को अलविदा कह रहे हैं जब गाने देखने के लिए इंतजार किया जाता था और संगीत से दुनिया बदलने का सपना देखा जाता था।