तन्वी द ग्रेट फिल्म रिव्यू
- फोटो : सोशल मीडिया
एक्टिंग
एक्टिंग ही इस फिल्म की असली ताकत है। शुभांगी का काम वाकई काबिले तारीफ है। किसी भी फ्रेम में उन्हें देखकर ऐसा नहीं लगता कि ये उनका डेब्यू है। इमोशनल सीन हो या गुस्सा दिखाने वाला उन्होंने हर सीन बखूबी निभाया है। अनुपम खेर फिल्म की ताकत हैं। उन्हें स्क्रीन पर देखने में मजा आता है। करण टैकर ने भी बढ़िया अभिनय किया है। बाकी फिर पल्लवी जोशी, जैकी श्राॅफ, अरविंद स्वामी और बोमन ईरानी जैसे मंझे हुए कलाकारों ने अपने किरदारों के साथ पूरा न्याय किया। स्कॉटिश एक्टर इयान ग्लेन और नास्सर के पास कैमियो में कुछ खास करने को नहीं था।
निर्देशन
इस फिल्म के पीछे अनुपम की जो सोच है वो बहुत खास है। यूं ही वो 23 साल बाद निर्देशक की कुर्सी पर बैठने के लिए तैयार नहीं हुए। वो जानते थे कि इस मुद्दे को वो सही ढंग से पेश कर सकते हैं क्योंकि उन्होंने इसे महसूस किया है। फिल्म आपको इंस्पायर करती है कि सपने देखें और उनको सच करें। इसमें कोई शक नहीं कि वो उम्मदा कलाकार है लेकिन डायरेक्टर के तौर पर अनुपम को अभी भी कई चीजों पर काम करने की जरूरत है। फिल्म की जितनी भी कमजोरियां हैं वो अनुपम के ही देन हैं।
अच्छी कहानी और दमदार कलाकार होने के बावजूद भी फिल्म कहीं कहीं जरूरत से ज्यादा धीमी हो जाती है। जहां कुछ इमोशनल सीन इतने अच्छे हैं कि आपकी आंखों में आंसू आ जाते हैं तो वहीं कुछ सीन ऐसे भी हैं जिनपर यकीन नहीं होता कि अरे ऐसा कैसे हो सकता है? कुछ सीन स्लो और खींचे हुए भी लगते हैं।
वीएफएक्स पूरी फिल्म में बेहद कमजोर हैं। माना कि यह एक साइंस फिक्शन नहीं, इमोशल फिल्म है। पर अगर इस तरह के सीन आपकी फिल्म का हिस्सा हैं तो उन्हें बेहतर होना चाहिए था। सोचिए एक ट्रक खाई में गिर रहा है, उसमें आग लग रही है और उस सीन पर पब्लिक हंस रही है। कुछ ऐसे फनी वीएफएक्स हैं।
बोमन ईरानी और जैकी श्रॉफ
- फोटो : सोशल मीडिया
संगीत
फिल्म के गाने इसे लंबा और स्लो बनाते हैं। लिरिक्स रॉ हैं पर अटपटे हैं। गानों का मतलब अच्छा है पर तुकबंदी थोड़ी अलग है। गाने सुनकर कहीं कहीं महसूस होता है फिल्म बच्चों के लिए है। ‘सेना की जय..’ गाना ही थोड़ा बेहतर लगा है। फिल्म के क्लाइमैक्स में इसी गाने का दूसरा वर्जन है जिसके बोल हैं, ‘अपनी तन्वी की जय जय हो जाए..’। इस पर कुछ नहीं बोलूंगा।
देखें या न देखें
बच्चों को एक बार जरूर दिखानी चाहिए। आप भी हल्की फुल्की कॉमेडी, इमोशनल और फैमिली फिल्म देखना चाहते हैं तो देख सकते हैं। कुछ सीन असलियत से दूर हैं उनके लिए तैयार रहिएगा।