फिल्म बदला में महानायक अमिताभ बच्चन के साथ कानूनी दांव खेलती नजर आईं तापसी पन्नू की अगली थ्रिलर गेम ओवर का टीजर रिलीज हो गया है। फिल्म तमिल, तेलुगू और हिंदी में रिलीज हो रही है। फिल्म का ट्रेलर दर्शकों को थोड़ा भ्रमित करता है और अचरज में भी डालता है। फिल्म तापसी पन्नू की पहली सोलो फिल्म है लिहाजा इसके नतीजे ही तय करेंगे कि पिंक और बदला की कामयाबी में उनका कितना हाथ रहा।
गेम ओवर के ट्रेलर के पहले दृश्य में तापसी एक आम महिला की तरह खुश और सामान्य जिंदगी जीने वाली महिला की तरह दिखती हैं और अगले ही दृश्य में एक गेम का लेआउट दिखने के बाद दरवाजा खोलते ही डर जाती हैं। एक दूसरे दृश्य में एक डाक्टर तापसी और विनोदिनी को 'एनिवर्सरी रिएक्शन' नाम की एक बीमारी के बारे में बताता नजर आ रहा है। ट्रेलर के शुरू में सामान्य दिख रही तापसी अंत तक जाते जाते एक व्हीलचेयर पर दिखती हैं और उनके दोनो पैरों में प्लास्टर बंधा नजर आता है।
अपने किरदारों को लेकर अलग अलग प्रयोग करने वाली तापसी का अभिनय पूरे ट्रेलर में प्रभावित करता है। इससे पहले तापसी पन्नू सुपरहिट हॉरर कॉमेडी फिल्म कंचना में इस तरह का किरदार निभा चुकी हैं। 2 मिनट 13 सेकेंड का यह ट्रेलर एक जलते हुए जॉयस्टिक पर खत्म होता है। निर्देशक अश्विन श्रवनन अलग अलग कैमरा ऐंगल, लाइट और साउंड इफेक्ट के समुचित प्रयोग से ट्रेलर में डर का माहौल बनाने में कामयाब रहे हैं।
तमिल हॉरर फिल्म माया और इरावकालम फिल्मों का निर्देशन कर चुके श्रवनन की फिल्म का यह यह ट्रेलर लोगों में जिज्ञासा जगाने में कामयाब रहा। अनुराग कश्यप का फिल्म में कोई काम नहीं है, उनका नाम सिर्फ पब्लिसिटी के लिए फिल्म से चिपका दिया गया है।