दफ्तर की 10 से 6 की नौकरी छोड़कर संयुक्त अरब अमीरात की नंबर वन यूट्यूब क्रिएटर बनने की निधि कुमार की कहानी परियों जैसी है। दुबई में पली बढ़ीं निधि कुमार उन लाखों सपनों के लिए एक मिसाल हैं जो अपने हुनर पर भरोसा रखते हैं और अपने सफर में दूसरों को भी शामिल कर अपना सुख उनके साथ बांटते हैं। इनके लिए दुनिया ही एक रिएलटी शो है क्योंकि ये स्टूडियो की आर्क लाइट्स से बाहर निकलकर सूरज को अपनी लाइमलाइट बना चुके हैं और धरती को अपना स्टेज।
अमर उजाला के डिजिटल रिव्यू कॉलम में जिन यूट्यूब क्रिएटर का यहां जिक्र हो रहा है उनका लेटेस्ट डांस वीडियो भले एक पंजाबी पॉप गाने पर हो, आवाजें एक पुरुष गायक की हों और सारी मस्ती पंजाब जैसी हो लेकिन अगर निधि कुमार के यूट्यूब चैनल पर आप जाएंगे तो आपको समझ आएगा कि इस लड़की ने यहां तक पहुंचने के लिए कितनी मेहनत की है। टेलीविजन और कॉमर्शियल में भी काम कर चुकीं निधि कुमार ने दुबई को डांस सिटी बनाने का ख्वाब बचपन में देखा और बरसों की मेहनत से इसे सच कर दिखाया है।
उनकी यूट्यूब वीडियो क्रिएटर टीम में बच्चे भी शामिल हैं। वह डांस करती हैं। बच्चे वीडियो बनाते हैं और टीम के कुछ बड़े इन्हें एडिट कर यूट्यूब और दूसरे प्लेटफॉर्म पर डाल देते हैं। निधि कुमार घर पर कम और अपनी कार में ज्यादा रहती हैं। खाने-पीने से लेकर सोने और कपड़े बदलने तक के सारे काम वह अपनी कार में ही करती हैं। ऐसा इसलिए कि उनका फोकस सिर्फ और सिर्फ डांस पर ही बना रहे। वह अब दूसरों को डांस करना सिखाती हैं और हिंदी फिल्मों में काम भी करना चाहती हैं लेकिन इस सफर के बीच उन्होंने जो मील के पत्थर बनाए हैं, वह किसी प्रेरक कहानी से कम नहीं हैं।