ड्रीम गर्ल से धमाल मचाने के बाद आयुष्मान खुराना अपनी एक और फिल्म बाला के साथ बॉक्स ऑफिस पर कब्जा जमाने की तैयारी में हैं। यह फिल्म एक ऐसे व्यक्ति के ऊपर आधारित है जो गंजेपन की समस्या से परेशान होता है। इस वजह से वह हर बार खूबसूरत लड़कियों द्वारा रिजेक्ट कर दिया जाता है। फिल्म में यह किरदार आयुष्मान खुराना ने निभाया है। फिल्म का ट्रेलर सामने आ गया है। चलिए आपको बताते हैं बाला के इस 2 मिनट 27 सेकेंड के ट्रेलर का पूरा लेखा-जोखा।
फिल्म का यह ट्रेलर बाला बने आयुष्मान खुराना के इर्द-गिर्द घूमता है। वे अभी युवा हैं लेकिन अपने गंजेपन की समस्या के कारण खूबसूरत लड़कियों द्वारा हर बार नकार दिये जाते हैं। अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी समस्या को दूर करने के लिए वह कई हथकंडे अपनाते हैं हालांकि उन्हें हर बार मुंह की खानी पड़ती है। आखिरी में वे थक-हार कर विग (कृत्रिम बाल) का सहारा लेते हैं। इस जुगाड़ के सहारे उनकी जिंदगी में यामी गौतम की एंट्री हो जाती है। हालांकि आयुष्मान अपना आत्मविश्वास हासिल नहीं कर पाते हैं। हर पल उन्हें अपनी पोल खुलने का डर सताया करता है। वहीं भूमि पेडनेकर ट्रेलर में सांवलेपन की समस्या से जूझती हुई लड़की के किरदार में नजर आईं हैं।
एक्टिंग की बात करें तो इस छोटे से ट्रेलर में आयुष्मान खुराना की एक्टिंग प्रभावित नजर आई है। वह अपने 'दुखी व्यक्ति' के किरदार से लोगों को हंसाने में कामयाब रहे हैं। वहीं भूमि पेडनेकर और यामी गौतम की अदाकारी भी ठीक-ठाक प्रतीत होती है। फिल्म के डायलॉग्स में देसी टच देखने को मिला है जो फिल्म की ताकत भी बन सकती है। अमर कौशिक के निर्देशन में बनी इस फिल्म में युवा और मध्यम वर्ग के दर्शकों के लिए भरपूर मसाला डाला गया है। फिल्म की शूटिंग ज्यादातर लखनऊ और कानपुर में की गई है। वहीं फिल्म में जिस तरह गंजेपन और सांवेलपन जैसे मुद्दों को फिल्माया गया है उससे ऐसा भी प्रतीत होता है कि फिल्म के अंत में कोई सोशल मैसेज भी मिलेगा।
पढ़ें: रोहित शेट्टी के पुलिस यूनिवर्स में चमकेगा दबंग, सिंघम, सिम्बा, सूर्यवंशी में दिख सकते चुलबुल पांडे