मोहनलाल ने साझा किया फिल्म का पोस्टर
मोहनलाल की आगामी फिल्म का नाम 'ऑपरेशन गंगा' है। यह देश के एक बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन पर आधारित फिल्म है। आज शनिवार को मोहनलाल ने एक्स अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने इस फिल्म का पोस्टर जारी करते हुए फिल्म के टाइटल का जिक्र किया है।
फिल्म की स्टारकास्ट
मोहनलाल अभिनीत इस फिल्म का निर्देशन विष्णु मोहन ने किया है। फिल्म में मोहनलाल के अलावा बॉलीवुड एक्टर अर्जुन रामपाल, आदिल हुसैन और भाग्यश्री भोरसे हैं।
इस फिल्म को गोकुलम गोपालन अपने श्री गोकुलम मूवीज बैनर के तहत बना रहे हैं। टाइटल के एलान के साथ ही यह भी स्पष्ट है कि यह फिल्म व्यापक स्तर पर बन रही है। इसमें मलयालम सिनेमा, बॉलीवुड और इंटरनेशनल क्रू की प्रतिभा नजर आएगी।
किस पर आधारित होगी कहानी?
आज शनिवार को जारी हुए पोस्टर में फिल्म के किसी कलाकार की तस्वीर नहीं है, बल्कि एक प्रतिमा नजर आ रही है। इसके एक हाथ में तलवार है और दूसरे हाथ में ढाल है। पास में एक फाइटर जेट नजर आया है। पोस्टर देखकर पता चल रहा है कि फिल्म की कहानी में मिलिट्री और देश के प्रति कर्तव्य से जुड़ी बातें दिखाई देंगी।
स्पष्ट है कि फिल्म का टाइटल भारत के एक बड़े रेस्क्यू मिशन पर रखा गया है। रेस्क्यू मिशन उन भारतीयों को देश वापस लाने को लेकर था, जो रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यूक्रेन में फंस गए थे।