किस हाल में रफी का परिवार
यूं तो मोहम्मद रफी साहब के बारे में तो हम सब बहुत कुछ जानते हैं, लेकिन आज हम आपको बताएंगे कि रफी साहब के परिवार में कौन कौन था? आज वे किस हाल में हैं और क्या करते हैं। सबसे पहले बात करते हैं रफी साहब की पत्नी बिलकिस बानो साहिबा की। बिलकिस से रफी साहब की दूसरी शादी हुई थी और उस वक्त वह तकरीबन 14 साल की थीं और रफी साहब 19 साल के थे। रफी साहब का इंतकाल 1980 में हुआ था। रफी साहब के इंतकाल के बाद उनकी बीवी बिलकिस बानो साहिबा ने अपना जरी का काम शुरू किया था, जिसको आज उनकी मंझली बेटी नसरीन साहिबा आगे बढ़ा रही हैं।
रफी साहब की दो शादियां
दरअसल, मोहम्मद रफी की पहली शादी 13 वर्ष की उम्र में उनके चाचा की बेटी बशीरा बानो से उनके पैतृक गांव में हुई थी। यह शादी ज्यादा दिन चली नहीं, क्योंकि बशीरा ने रफी के साथ भारत आने से मना कर दिया। वर्ष 1944 में 20 की उम्र में रफी की दूसरी शादी सिराजुद्दीन अहमद बारी और तालिमुन्निसा की बेटी बिलकिस के साथ हुई थी। पहली शादी से रफी का एक बेटा सईद हुआ था। दूसरी शादी से उनके तीन बेटे खालिद, हामिद, शाहिद और तीन बेटियां परवीन अहमद, नसरीन अहमद, यास्मीन अहमद हुईं। रफी साहब के तीनों बेटों सईद, खालिद और हामिद की मौत हो चुकी है।
रफी साहब के तीन बेटों का निधन
रफी साहब की पहली बंटवारे के बाद लाहौर में ही रह गईं, लेकिन सईद रफी साहब के साथ ही रहे और लंदन में ही पले बढ़े। उन्होंने अपने भाई खालिद के साथ वहीं बिजनेस करते थे। सईद का निधन हार्ट अटैक के कारण हुआ। वहीं रफी के दूसरे बेटे खालिद भी लंदन में रहते हैं, जिनकी शादी राइटर सलीम खान साहब की भांजी यासमीन से हुई थी। इनका निधन भी लंदन में हार्ट अटैक से हुआ और आज इनके पत्नी और बच्चे लंदन में ही रहते हैं।
शाहिद रफी का परिवार
रफी साहब के तीसरे बेटे थे हामिद। इनकी परवरिश भी लंदन में ही हुई थी और वे भी हार्ट अटैक के कारण कम उम्र में ही दुनिया को अलविदा कह गए। रफी साहब के सबसे छोटे बेटे शाहिद हैं। शाहिद रफी साहब आज रफी साहब की तमाम प्रॉपर्टीज की देखभाल करते हैं। 2010 में, शाहिद रफी ने अपने पिता के नाम पर एक संगीत विद्यालय शुरू किया। मुंबई में स्थित, मोहम्मद रफी अकादमी भारतीय शास्त्रीय और समकालीन संगीत की शिक्षा के लिए लोकप्रिय है। शाहिद रफी का एक बेटा भी है, फुजैल रफी। मोहम्मद रफी का सबसे छोटा पोते भी संगीतकार हैं और अपने दादा की विरासत को आगे ले जाना चाहता हैं।