अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप अक्सर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों से दूर रहना पसंद करती हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी उनके चेहरे पर कम ही भाव नजर आते हैं, लेकिन अब मेलानिया ने अपनी जिंदगी के उन पहलुओं से पर्दा उठा दिया है, जिनके बारे में लोग बहुत कम जानते हैं। उनकी नई सीरीज 'मेलानिया: द सीरीज' में पति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनका रिश्ता, बेटे बैरन की परवरिश, परिवार और खुद के लिए वक्त निकालने जैसे कई मुद्दों पर बात की गई है। इतना ही नहीं, इस सीरीज में मेलानिया का एक मजाकिया और बेफिक्र अंदाज भी देखने को मिलेगा।
डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया ट्रंप
- फोटो : ANI
सीरीज का दूसरा पार्ट हुआ रिलीज
दरअसल, मेलानिया ट्रंप की दो पार्ट वाली सीरीज 'मेलानिया: द सीरीज' शुक्रवार को प्राइम वीडियो पर रिलीज हो गई है। यह जनवरी में रिलीज हुई डॉक्यूमेंट्री का अगला हिस्सा है। उस डॉक्यूमेंट्री में डोनाल्ड ट्रंप की 2025 में राष्ट्रपति पद पर वापसी से पहले के दो हफ्तों के दौरान मेलानिया की जिंदगी दिखाई गई थी। अब नई सीरीज में उनकी जिंदगी के पर्दे के पीछे के कई पहलुओं को दिखाया गया है। इसका निर्देशन ब्रेट रैटनर ने किया है, जबकि मेलानिया खुद इसकी एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं।
सीरीज में निर्देशक ब्रेट रैटनर मेलानिया से उनकी निजी जिंदगी को लेकर कई सवाल करते नजर आते हैं। गुरुवार को लिंकन सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम में सीरीज की झलक दिखाई गई। इस दौरान मेलानिया ने कहा कि लोग यह जानने में दिलचस्पी रखते हैं कि पर्दे के पीछे क्या होता है और जब कोई महिला अमेरिका की फर्स्ट लेडी बनती है, तो उसकी जिंदगी में क्या बदलाव आते हैं।
मेलानिया ट्रंप
- फोटो : एएनआई
बेटा बैरन है पहली प्राथमिकता
सीरीज में मेलानिया ने अपने 20 साल के बेटे बैरन ट्रंप के बारे में खुलकर बात की है। उन्होंने बताया कि बैरन का नाम रखने का फैसला डोनाल्ड ट्रंप ने किया था। न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में बिजनेस की पढ़ाई कर रहे बैरन के बारे में मेलानिया का कहना है कि वह काफी मजबूत हैं, क्योंकि बचपन से ही उन्हें लोगों की नजरों और सार्वजनिक जीवन का सामना करना पड़ा है।
मेलानिया के मुताबिक, राष्ट्रपति चुनाव 2024 के दौरान भी बैरन ने अपने पिता की मदद की थी। उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के साथ इंटरव्यू करने की सलाह दी थी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक उनकी बात पहुंच सके।
मेलानिया ने बेटे की परवरिश में अपने माता-पिता विक्टर और दिवंगत मां अमालिया की भूमिका को भी अहम बताया। उनका मानना है कि दोनों ने बैरन को एक बेहतरीन इंसान बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वह कहती हैं कि वह बेटे पर अपनी मर्जी थोपना नहीं चाहतीं और चाहती हैं कि बैरन वही करें, जिससे उन्हें खुशी मिले। साथ ही मेलानिया ने यह भी बताया कि बैरन उनकी पहली प्राथमिकता है और हमेशा रहेगा।
डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया ट्रंप
- फोटो : PTI
डोनाल्ड ट्रंप संग रिश्ते पर की बात
मेलानिया ने अपनी सीरीज में डोनाल्ड ट्रंप के साथ पहली मुलाकात से लेकर शादी तक के सफर को भी याद किया है। दोनों की पहली मुलाकात साल 1998 में न्यूयॉर्क में हुई थी और साल 2005 में फ्लोरिडा में उन्होंने शादी की थी।
अपने वैवाहिक रिश्ते के बारे में बात करते हुए मेलानिया ने कहा कि शादी में सबसे जरूरी बात अपने पार्टनर को बदलने की कोशिश न करना है। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता की शादी 56 साल तक चली और उनसे उन्होंने रिश्तों को निभाने की सीख ली है।
मेलानिया के मुताबिक, पति-पत्नी को एक-दूसरे को वैसे ही स्वीकार करना चाहिए, जैसे वे हैं। उन्होंने कहा, 'आपको उन्हें वही रहने देना चाहिए, जो वे हैं। मैं उन्हें वैसा ही रहने देती हूं, जैसे वह हैं और वह मेरा साथ देते हैं और मुझे भी वैसा ही रहने देते हैं, जैसी मैं हूं।' वहीं, डोनाल्ड ट्रंप भी सीरीज में अपनी पत्नी के बारे में बात करते नजर आए। उन्होंने मेलानिया को मजबूत महिला बताया।
डोनाल्ड ट्रंप, मेलानिया ट्रंप
- फोटो : एएनआई (फाइल)
अकेले रहना पसंद करती हैं मेलानिया
मेलानिया ने अपनी निजी जिंदगी और अकेले वक्त बिताने की पसंद पर भी बात की है। उनका कहना है कि उन्हें हर समय लोगों के बीच रहना पसंद नहीं है। वह अपनी कंपनी में खुश रहती हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे हर समय लोगों के साथ रहने की जरूरत नहीं है। मैं अपनी कंपनी बहुत पसंद है और मैं हमेशा से ऐसी ही रही हूं।'
मेलानिया ने खुद को शर्मीला कहे जाने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह शर्मीली नहीं हैं, बल्कि अपनी पसंद के हिसाब से लोगों से मिलना-जुलना पसंद करती हैं। उनके मुताबिक, जब उन्हें निजता चाहिए होती है, तो वह अपने लिए निजी पल निकाल लेती हैं।
डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप के साथ
- फोटो : ANI
तीन शहरों में हैं मेलानिया के घर
सीरीज में उन्होंने यह भी बताया कि उनका घर सिर्फ एक शहर में नहीं है, बल्कि तीन शहरों में है। ट्रंप परिवार के न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और फ्लोरिडा में घर हैं। यही वजह है कि मेलानिया अपना पूरा समय व्हाइट हाउस में नहीं बिताती हैं।
मेलानिया ने अपनी मानसिक सेहत और खुद की देखभाल को लेकर भी बात की। उन्होंने बताया कि वह पर्याप्त नींद लेने की कोशिश करती हैं और खुद के लिए वक्त निकालना पसंद करती हैं। उनके लिए स्पा जाना सुकून पाने का एक खास तरीका है।